deltin33 Publish time 2026-2-15 23:26:14

गोरखनाथ मंदिर परिसर में PAC जवान से भिड़ा युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार; खुफिया एजेंसी ने की पूछताछ

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/gorakhpur-news-(4)-1771177809601_m.webp

गोरखनाथ थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपित



जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में रविवार रात बलिया के युवक ने पीएसी जवान से अभद्रता करते हुए जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर गोरखनाथ थाने भेज दिया। पुलिस अधिकारी के साथ खुफिया एजेंसी के लोग उससे पूछताछ कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आबकारी एक्ट में दर्ज मुकदमे के कारण पासपोर्ट आवेदन निरस्त हुआ था, जिसके संबंध में वह प्रार्थना पत्र लेकर मंदिर परिसर आया था।

युवक की पहचान बलिया जिले के नगर क्षेत्र स्थित चंद्रवार दुगौली निवासी राधेश्याम राजभर के रूप में हुई है। रविवार रात करीब 8:30 बजे गोरखनाथ मंदिर के दक्षिणी गेट पर पहुंचा। नियमित चेकिंग के बाद उसे अंदर जाने दिया गया। गेट से करीब 50 मीटर आगे बढ़ने पर वह पीएसी के एक जवान से उलझ गया।

आरोप है कि उसने जवान से बदसलूकी की और हाथापाई करते हुए अंदर जाने की कोशिश करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका पासपोर्ट निरस्त हो गया है और वह इसी संबंध में प्रार्थना पत्र लेकर आया है।

वह पीएसी जवान से अंदर जाने की अनुमति मांग रहा था, लेकिन कार्यालय बंद होने की जानकारी दिए जाने पर वह उत्तेजित हो गया। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आबकारी एक्ट के एक मुकदमे के कारण उसका पासपोर्ट आवेदन निरस्त हुआ था।

परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि राधेश्याम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। परिवार को बुलाया जा रहा है।

असलहा छीनने की सूचना को एसपी ने बताया अफवाह

गोरखनाथ मंदिर परिसर में पीएसी जवान से युवक की धक्का-मुक्की के बाद असलहा छीनने की सूचना फैलते ही कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाल ली। एसपी मंदिर सुरक्षा संतोष सिंह ने स्पष्ट किया कि असलहा छीनने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि युवक ने केवल बदसलूकी और धक्का-मुक्की की थी, जिसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य है।
Pages: [1]
View full version: गोरखनाथ मंदिर परिसर में PAC जवान से भिड़ा युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार; खुफिया एजेंसी ने की पूछताछ