deltin33 Publish time 2026-2-16 05:57:52

Train Alert: होली से पहले ट्रेनों में मची लूट! बरेली में बैग काटकर लाखों की ज्वेलरी चोरी, रहें सावधान

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Gemini_Generated_Image_oxyh39oxyh39oxyh-1771180000584_m.webp

एआई इमेज



जागरण संवाददाता, बरेली। त्योहार के दौरान रेलवे यात्रा करने वाले सावधान हो जाएं, क्योंकि ट्रेनों में चोर सक्रिय हो गए हैं। पिछले दिनों अलग-अलग ट्रेनों में दो चोरी की वारदातें हुई हैं। चोरों ने यात्रियों के बैग में कट और ताला तोड़कर लाखों रुपये की कीमत के जेवरात व जरूरी कागजात थे। दोनों यात्रियों की तहरीर पर जीआरपी थाना बरेली जंक्शन ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

त्योहार के दौरान ट्रेनों में चोरी और जहरखुरानी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ट्रेनों में भीड़ अधिक होने का फायदा चोर उठाते हैं और सामान पार कर देते हैं। इसके अलावा जहरखुरान यात्रियों को अपनी बातों में फंसाकर उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर उनका सामान पार कर देते हैं।

जीआरपी और आरपीएफ की ओर से निगरानी बढ़ाने के साथ यात्रियों को जागरूक भी किया जाता है, इसके बावजूद घटनाएं हो जाती हैं। पिछले दिनों में दो अलग-अलग ट्रेनों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। संजय नगर, बारादरी निवासी डा. सत्येंद्र गुप्ता ने बरेली जंक्शन जीआरपी थाना में शिकायत की कि 11 फरवरी को बाघ एक्सप्रेस में गोरखपुर से बरेली आ रहे थे।

वह 12 फरवरी को बरेली पहुंचे और अपने घर चले गए। सुबह छह बजे उन्होंने ट्राली बैग खोलकर देखा तो उसमें रखा सोने का नैकलेस, कान की ईयरिंग, मांग टीका, अंगूठी, चैन और दो हजार रुपये गायब थे। ट्राली बैग का ताला भी टूटा हुआ था। ट्रेन में यात्रा के दौरान किसी ने सामान चोरी कर लिया। जीआरपी थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

वहीं दूसरे मामले में मूलरूप से गाजीपुर के कनुवान निवासी रवि प्रकाश पांडेय बरेली में सीबीगंज में रहते हैं। उन्होंने जीआरपी थाना में शिकायत की कि वह पत्नी प्रज्ञा पाठक और बच्चों के साथ आठ फरवरी को अमृतसर-हावड़ा मेल से बरेली से लखनऊ गए थे। उनके बैग में पत्नी के सोने और चांदी की ज्वेलरी, एटीएम कार्ड समेत अन्य कागजात रखे थे।

जब वह लखनऊ में उतरे तो देखा कि उनके बैग में साइड से कट लगा है और सारे जेवरात और अन्य सामान गायब है। सास की तबीयत खराब होने की वजह से वह पहले आजमगढ़ गए और वापस आने पर सूचना दी। 11 फरवरी को जीआरपी थाना पुलिस ने रवि प्रकाश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एक चोर भी किया जा चुका गिरफ्तार

जीआरपी थाना बरेली जंक्शन की ओर से 10 फरवरी को एक चोर भी गिरफ्तार किया गया है। जीआरपी के मुताबिक क्योलड़िया निवासी पिंटू को प्लेटफार्म नंबर चार से गिरफ्तार किया गया। पिंटू ने पूछताछ में बताया कि वह ट्रेनों में चोरी करता है।

उसने डेढ़ महीने पहले लालकुआं एक्सप्रेस में एक बैग चोरी किया था। उसमें कपड़ों के अलावा मोबाइल चार्जर और पावर बैंक ही निकला था। उसने बैग नीचे फेंक दिया था। उसने करीब 20 दिन पहले पदमावत एक्सप्रेस से भी ट्राली बैग चोरी किया था। इसमें भी कोई कीमती सामान नहीं मिला था।
यात्रा के दौरान बरतें सावधानी

त्योहार के दौरान बैग या अन्य सामान को अपने आसपास ही रखें और उसपर नजर रखें। यदि किसी के साथ यात्रा कर रहे हैं तो रात के समय नींद आने पर कोई न कोई जागता रहे। अकेले यात्रा करते समय ज्यादा सावधानी बरतें। बैग में जेवरात व अन्य कीमती सामान लेकर न चलें और यदि जरूरत पर चलें तो उसे अपने पास ही रखें।

इसके अलावा जहरखुरानों से बचने के लिए किसी अनजान से बिल्कुल दोस्ती न करें। कोई यदि खाने और पीने को कुछ भी दे तो न खाएं चाहें वह कितना भी प्यार से कहे। भीड़भाड़ होने पर विशेष सावधानी बरतें।




यह भी पढ़ें- सिर्फ 2 साल पहले खर्च हुए 1.64 करोड़, अब चलेगा बुलडोजर! बरेली एयरपोर्ट के विस्तार की भेंट चढ़ा मयूर वन
Pages: [1]
View full version: Train Alert: होली से पहले ट्रेनों में मची लूट! बरेली में बैग काटकर लाखों की ज्वेलरी चोरी, रहें सावधान