ताज महोत्सव: डायवर्जन से बढ़ेगा ट्रैफिक जाम का संकट, बंद हैं शहर के ये रास्ते
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/taj-mahotsav-agra-1771211407323_m.webpताजमहोत्सव का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा। शिल्प, कला, संस्कृति और व्यंजनों के उत्सव ताज महोत्सव की राह में दर्शकों के लिए डायवर्जन अड़चन बनेगा। फतेहाबाद रोड पर सपा कार्यालय के मोड़ से आईटीसी मुगल एक तरफ की रोड बंद है। एक राेड पर दोनों तरफ का ट्रैफिक चलने से दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं।
इससे क्षेत्रीय नागरिकों के साथ पर्यटक भी जूझ रहे हैं। उधर, पुरानी मंडी से यमुना किनारा रोड की तरफ वाहनों के आने पर रोक होने से माल रोड पर जाम की स्थिति बनती है। सहालग की वजह से भी परेशानी हो सकती है।
सपा कार्यालय के मोड़ से आईटीसी मुगल तक बंद है एक तरफ की रोड
ताज महोत्सव आयोजन समिति ने महोत्सव के लिए इस बार फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्रुप के भूखंड को चुना था। इससे पूर्व सेल्फी प्वाइंट आई लव आगरा की बैक साइड में स्थित भूखंड पर विचार किया गया था, लेकिन वहां रास्ता संकरा होने से महोत्सव के आयोजन का विचार छोड़ दिया गया। शिल्पग्राम में यूनिटी माल के काम के चलते महोत्सव पहली बार नहीं हो पा रहा है। आयोजन स्थल तक पहुंचने में शहरवासियों को जाम से जूझना पड़ सकता है।
पुरानी मंडी से यमुना किनारा रोड की तरफ वाहनों के आने पर लगी है रोक
ताजमहल देखकर लौटते पर्यटकों के वाहनों के चलते फतेहाबाद रोड व माल रोड पर शाम के समय ट्रैफिक का दबाव रहता है। फतेहाबाद रोड पर नमामि गंगे प्रोजेक्ट में पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। इसके लिए जल निगम ने यहां सपा कार्यालय वाले मोड़ से लेकर होटल आईटीसी मुगल तक एक साइड की रोड पूरी तरह बंद कर रखी है। करीब एक किमी लंबाई में दोनों ओर का ट्रैफिक एक ही रोड पर चल रहा है, जिस पर सुबह नौ से 12 बजे तक और शाम होते ही लंबा जाम लग जाता है। इसमें पर्यटक और क्षेत्रीय नागरिक दोनों फंसते हैं।
यहां चल रहा है मेट्रो का काम
माल रोड पर एएसआई ऑफिस के समीप मेट्रो का काम चल रहा है। फूल सैयद चौराहा से बीएसएनएल ग्राउंड की ओर आने वाली सड़क पर भी पाइपलाइन बदली जा रही है। इससे यहां रोड संकरी रह गई है। शहरवासियों के लिए पहले पुरानी मंडी होते हुए यमुना किनारा रोड तक आने का मार्ग खुला रहता था। इस रोड पर नमामि गंगे के काम की वजह से पुरानी मंडी की ओर से किसी वाहन को नहीं आने दिया जाता है। इससे सभी को माल राेड होकर लौटना पड़ेगा, जिससे वहां ट्रैफिक बढ़ने से जाम के हालात बनेंगे।
डीएम ने दिए थे ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बुधवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने रोड पर चल रहे काम के चलते ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए थे, जिससे कि किसी को परेशानी नहीं आए। मुख्य मार्ग के साथ ही ताजनगरी को जाने वाले रोड पर भी प्रवेश व निकास की व्यवस्था की जा रही है।
Pages:
[1]