जमुनीचक में रहस्यमय बीमारी का कहर: दो युवकों की मौत से दहशत, जांच में जुटी स्वास्थ्य टीम
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/maut-1771218390055_m.webpदो युवकों की मौत
जागरण टीम, बाढ़ (पटना)। बाढ़ अनुमंडल के जमुनीचक गांव के चौधरी टोला में पिछले पंद्रह दिनों से एक रहस्यमय बीमारी फैलने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। अब तक दो युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन से पांच लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं। कई अन्य ग्रामीणों में भी समान लक्षण दिखाई देने की बात सामने आ रही है। बीमारी के कारण पूरे टोले में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष रूप से चिंतित हैं। प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग उठ रही है।
अचानक तेज दर्द और उल्टी की शिकायत
ग्रामीणों के अनुसार मरीज को अचानक पेट और सिर में तेज दर्द शुरू होता है। इसके बाद उल्टी होने लगती है और शरीर में अत्यधिक कमजोरी आ जाती है। कुछ मामलों में चेहरा पीला पड़ने और सुस्ती की शिकायत भी मिली है।
स्थिति बिगड़ने पर मरीजों को स्थानीय अस्पताल से पटना रेफर किया जा रहा है। इलाज के दौरान गांव के मनीष और कुणाल की मौत हो गई। एक युवक ज्वाला चापाकल से पानी भरते समय अचानक गिर पड़ा, जिसका इलाज जारी है।
जादू-टोना की चर्चा से लेकर वायरस की आशंका
शुरुआती दिनों में कुछ ग्रामीणों ने जादू-टोना की आशंका जताई। झाड़-फूंक का सहारा भी लिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों ने इसे निपाह वायरस जैसी बीमारी से जोड़कर चर्चा की।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि बीमार लोग हाल में बाहर यात्रा पर नहीं गए थे। इससे गांव में संक्रमण के स्रोत को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
रिपोर्ट में लिवर-किडनी प्रभावित होने की बात
ग्रामीण उचित कुमार ने बताया कि कुछ मरीजों की जांच रिपोर्ट में लिवर और किडनी से जुड़ी समस्या सामने आई है। खून और मस्तिष्क संबंधी गड़बड़ी की भी चर्चा है। एक मृतक के मुंह और नाक से खून निकलने की सूचना ने भय बढ़ा दिया है।
लोगों का कहना है कि बीमारी तेजी से असर कर रही है। ग्रामीण इंदु देवी ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से गांव में मेडिकल कैंप लगाने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुटी
मामले की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम को गांव भेजा। स्वास्थ्यकर्मियों ने बीमार लोगों की जांच कर सैंपल एकत्र किए हैं। सोमवार को पटना से विशेषज्ञों की टीम भी भेजी जा रही है।
डॉ. सुभाष कुमार के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम विस्तृत जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Pages:
[1]