deltin33 Publish time 2026-2-16 11:56:45

नए थाने, कंट्रोल सेंटर और सात मंजिला वीमेन हॉस्टल; सेफ सिटी प्रोजेक्ट से हाईटेक होगी दिल्ली की निगरानी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/delhi-safe-city-project-1771223351710_m.webp

दिल्ली सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत हाई टेक हो जाएगी दिल्ली की निगरानी। फोटो: एआई जनरेटेड



पीटीआई, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अपने 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी अपग्रेड की घोषणा की है। इस परियोजना के तहत राजधानी में निगरानी प्रणाली का विस्तार किया जाएगा और नए पुलिस स्टेशन व अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। इसके साथ ही राजधानी के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और आगे भी इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
हाईटेक फीचर्स से लैस होगी निगरानी प्रणाली

नई निगरानी प्रणाली में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें हैंड जेस्चर रिकग्निशन, फेसियल डिटेक्शन और भीड़ अधिक होने पर अलर्ट देने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इन तकनीकों की मदद से पुलिस को रियल टाइम में निगरानी करने और तुरंत कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आपात स्थिति और बड़े आयोजनों के दौरान बेहतर समन्वय के लिए मोबाइल कमांड व्हीकल भी तैनात किए जाएंगे, जिससे मौके पर ही निगरानी और नियंत्रण संभव हो सकेगा।
नए पुलिस स्टेशन और चौकियां बनेंगी

परियोजना के तहत पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन नए पुलिस स्टेशन और छह नई पुलिस चौकियों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा विशेष अभियानों की दक्षता बढ़ाने के लिए लोधी कॉलोनी में स्पेशल सेल का नया मुख्यालय बनाया जाएगा।
महिला पुलिसकर्मियों के लिए बनेगा सात मंजिला हॉस्टल

महिला पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए रोहिणी में सात मंजिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इस हॉस्टल में 132 महिला पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था होगी।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इन नई सुविधाओं और तकनीकी अपग्रेड से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध नियंत्रण और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता में सुधार होगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन को मंजूरी, 5983 करोड़ की परियोजना से सुधरेगी रेल कनेक्टिविटी
Pages: [1]
View full version: नए थाने, कंट्रोल सेंटर और सात मंजिला वीमेन हॉस्टल; सेफ सिटी प्रोजेक्ट से हाईटेक होगी दिल्ली की निगरानी