विदेश में जन्मे भारतीय भी बन सकेंगे मतदाता, इन्हें भरना होगा यह फार्म, भारत निर्वाचन आयोग ने दी है सुविधा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Overseas-Born-Indian-Can-Now-Register-to-Vote-in-India-1771224746697_m.webpविदेश में जन्मे भारतीयों को (प्रयागराज के भी) मतदाता बनने की सुविधा निर्वाचन आयोग ने दी है।
ज्ञानेंद्र सिंह, प्रयागराज। देश से बाहर रहने वाले भारतीयों के बच्चे जो विदेश में जन्म लिए हैं और अब 18 वर्ष की उम्र पार गए हैं तो वह भी भारत में मतदाता बन सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे लोगों को फार्म-6 या फार्म-6 ए को भरते समय जन्मस्थान में ‘आउटसाइड इंडिया’ का विकल्प प्रदान कर दिया है। ऐसे में भारत के बाहर दूसरे देश में जन्म लेने वाले लोग वहां का नाम लिखकर मतदाता बन सकेंगे।
अभी तक भारत के बाहर जन्मे लोग मतदाता फार्म नहीं भर पाते थे क्योंकि देश के बाहर जन्म स्थान को दर्ज करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। अब चुनाव आयोग की ओर से इस समस्या का समाधान कर दिया गया है। ऐसे प्रकरणों के लिए सिर्फ आफलाइन व्यवस्था बनाई गई है। ईआरओ नेट और बीएलओ एप डाटा इंट्री माड्यूल में जन्म स्थान के रूप में आउटसाइड इंडिया का चयन करने का विकल्प मिलेगा।
खास-खास
- 23 हजार से ज्यादा लोग विदेश में रह रहे हैं प्रयागराज जनपद के
- 4.72 लाख नोमैपिंग वाले वोटर्स को अब तक दिया गया है नोटिस
आफलाइन माध्यम से फार्म भरने की सुविधा
यही नहीं, दूसरे देश का नाम दर्ज करने के लिए एक टेक्स्ट बाक्स दिया गया है। पात्र आवेदनकर्ता जो भारत के बाहर जन्मे हैं अब वे फार्म-6 व फार्म-6 ए भौतिक रूप से यानी आफलाइन माध्यम से भर सकेंगे। जनपद में लगभग 23 हजार लोग विदेश में रह रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा करेली, खुल्दाबाद, करैलाबाग, अटाला, भारतगंज, नैनी, फूलपुर, सोरांव क्षेत्र के लोग खाड़ी देशों में रह रहे हैं। वहीं कुछ लोग यूरोप, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और अफ्रीकी देशों में भी हैं। दूसरी ओर से नोमैपिंग वाले वोटर्स को नोटिस भेजने की प्रक्रिया अब काफी तेज हो गई है।
नोमैपिंग वाले 2.87 लाख मतदाता
जिले में नोमैपिंग वाले 2.87 लाख मतदाता हैं। वहीं तार्किक विसंगति वाले 7.75 लाख मतदाता हैं। नोमैपिंग के साथ ही तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को नोटिस भेजा जा रहा है। इस तरह से कुल 10.60 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजा है। अब तक इन सभी मतदाताओं का नोटिस जेनरेट हो चुका है जबकि 472754 मतदाताओं को नोटिस मिल चुका है। वहीं नोटिस के जवाब मिलने पर 472754 मतदाताओं की सुनवाई भी हो चुकी है। नोटिस के जवाब में ज्यादातर मतदाता अंकपत्र को साक्ष्य के साथ प्रस्तुत कर रहे हैं।
नो मैपिंग वाले मतदाता
इलाहाबाद उत्तर, दक्षिण व पश्चिम विधानसभा तथा फूलपुर क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नोमैपिंग वाले वोटर्स ने मार्कशीट ही लगाया है। वहीं कोरांव, करछना, मेजा, बारा, प्रतापपुर के ज्यादातर मतदाता परिवार रजिस्टर व आधार का उपयोग कर रहे हैं। वैसे निर्वाचन आयोग ने 13 प्रमाण पत्रों में से कोई एक जमा करने के लिए कहा है मगर अधिकतर मतदाता मार्कशीट, आधार व परिवार रजिस्टर दे रहे हैं।
क्या बोलीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा ने बताया कि एसआइआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। सभी मतदाता समय पर सुनवाई में उपस्थित होकर आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करें, ताकि आगामी चुनाव में उनके मताधिकार पर कोई प्रभाव न पड़े।
अतिरिक्त एईआरओ तैनात
नोटिस के जवाब की तेजी से सुनवाई के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में अतिरिक्त एईआरओ की तैनाती की गई है। अभी तक जिले में कुल 12 ईआरओ व 201 एईआरओ तैनात रहे, जबकि 143 अतिरिक्त एईआरओ तैनात किए जा रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में कुल 48 एईआरओ हो जाएंगे। वहीं जनपद में अब 344 एईआरओ हो जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एईआरओ की संख्या बढ़ाए जाने से अब नोटिस के जवाब की सुनवाई की प्रक्रिया तेज हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद के गुर्गों से मुक्त कराई भूमि पर बनेगा छात्रावास व ईडी भवन, 80 करोड़ की जमीन पर था कब्जा
यह भी पढ़ें- प्रायगराज नगर निगम वर्षों से आवंटित दुकानों का बढ़ाएगा किराया, नए सिरे से एलाटमेंट भी करेगा
Pages:
[1]