बठिंडा में दिनदहाड़े लूट; लकवाग्रस्त दुकानदार से की मारपीट, गला दबा कर नकदी लेकर फरार बदमाश
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/bathinda-theft-1771238012933_m.webpपीड़ित दुकानदा घटना की जानकारी देते हुए।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर के अर्जुन नगर इलाके में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार दो युवक ग्राहक बनकर भूमि करियाना स्टोर में दाखिल हुए और मौके का फायदा उठाकर दुकानदार से नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित दुकानदार रघुनाथ, जो लकवे (पैरालिसिस) से पीड़ित बताए जा रहे हैं, ने बताया कि दोनों युवक सामान्य ग्राहक की तरह दुकान में आए थे। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, उन्होंने दुकान का शटर अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया। विरोध करने पर एक युवक ने उनका गला दबाया और धमकाकर कैश काउंटर में रखी करीब चार हजार रुपये की नकदी लूट ली।
यह भी पढ़ें- फरवरी में बढ़ता तापमान बना चिंता; गेहूं बचाने को किसान कर रहे सिंचाई, पोटेशियम नाईट्रेट स्प्रे की सिफारिश
शटर बंद देख लोगों को हुआ शक
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ समय तक शटर बंद रहने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। पड़ोसियों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जब शटर खुलवाया गया तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित लूट का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मुक्तसर: बढ़ते पारे ने बढ़ाई किसानों की धड़कन, गेहूं की 2.16 लाख हेक्टेयर फसल पर छाए संकट के बादल
पुलिस से चौकसी बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जालंधर के जेपी नगर में खौफनाक वारदात, 87 वर्षीय वृद्धा के गले पर चाकू रख सोने की चूड़ियां लूटीं
Pages:
[1]