डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी से बचें, रोहतक एसपी की चेतावनी; 1930 पर करें शिकायत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/digital-arrest-(3)-1771239083390_m.webpडिजिटल अरेस्ट से न घबराएं, तुरंत 1930 पर करें शिकायत: एसपी।
जागरण संवाददाता, रोहतक। एसपी सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर ठगी के नए तरीकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपके बेटे या बेटी का नाम लेकर खुद को नारकोटिक्स विभाग, सीबीआई या पुलिस अधिकारी बताकर यह कहे कि वह उनकी हिरासत में है, या आपके नाम विदेश से संदिग्ध पार्सल आने की बात कहकर डराए, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। यह साइबर ठगों की चाल हो सकती है।
एसपी ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट में ठग वीडियो काल के जरिए खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर संपर्क करते हैं। वे बैकग्राउंड को पुलिस स्टेशन जैसा दिखाते हैं और पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर डराते हैं।
कई मामलों में पीड़ित को घंटों वीडियो काल पर निगरानी में रखा जाता है और किसी से संपर्क करने नहीं दिया जाता। ठग लंबी सजा, भारी जुर्माना और सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर पैसे ऐंठते हैं। कई बार स्काइप या अन्य प्लेटफार्म के माध्यम से निगरानी का दावा किया जाता है और मामला रफा-दफा करने के नाम पर रकम मांगी जाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी काल या वीडियो काल से घबराएं नहीं। तुरंत काल काटें और राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक पोर्टल पर रिपोर्ट करें। पुलिस ने लोगों से जागरूक रहने और दूसरों को भी सचेत करने की अपील की है।
Pages:
[1]