Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर: 14 टूरिस्ट स्पॉट फिर से खोलने के आदेश, पहलगाम हमले के बाद हुए थे बंद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/jammu-Kashmir-1771243818232_m.webp

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 14 पर्यटन स्थल खोले (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर में बंद किए गए 14 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने की घोषणा की है। सुरक्षा समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया, जिसमें कश्मीर के 11 और जम्मू के 3 स्थल शामिल हैं। कुछ अन्य स्थान बर्फ हटने पर खोले जाएंगे, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उपराज्यपाल कार्यालय की ओर से कहा गया है कि विस्तृत सुरक्षा समीक्षा और चर्चा के बाद पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है। इनमें बड़गाम जिले में यूसमर्ग और दूधपथरी, कोकरनाग का डांडीपोरा पार्क, शोपियां में पीर की गली, दुबजन और पदपावन, श्रीनगर का अस्तानपोरा और ट्यूलिप गार्डन, गांदरबल का थाजवास ग्लेशियर और हुंग पार्क व बारामुला का वुलर/वटलाब शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त जम्मू संभाग के तीन पर्यटन स्थल, रियासी जिले में देवी पिंडी, रामबन का माहू मंगत और किश्तवाड़ का मुगल मैदान भी तत्काल प्रभाव से खोले जा रहे हैं।

उपराज्यपाल ने यह भी घोषणा की है कि कश्मीर संभाग के गुरेज, अथवाटू और बंगुस तथा जम्मू संभाग के रामबन स्थित रामकुंड को बर्फ हटने के बाद खोला जाएगा। गौरतलब है कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद इन पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया था। इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय घोड़ा संचालक सहित कुल 26 लोगों की जान गई थी।
Pages: [1]
View full version: जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर: 14 टूरिस्ट स्पॉट फिर से खोलने के आदेश, पहलगाम हमले के बाद हुए थे बंद