LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

प्रतापगढ़ में 6 घंटे के भीतर सड़क हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत, एक को वाहन ने डेढ़ किमी तक घसीटा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Pratapgarh-Three-Killed-in-Road-Accidents-1771243717185_m.webp

प्रतापगढ़ के सीएचसी कुंडा में रोते-बिलखते मरने वालों के परिवार के सदस्य। जागरण



संसू, जागरण, कुंडा (प्रतापगढ़)। छह घंटे के भीतर सड़क हादसों में एक ही परिवार के दो सफाई कर्मियों समेत तीन लोगों की जान चली गई। सफाईकर्मी चचेरे भाई थे। एक तो टक्कर मारने वाली गाड़ी में फंसकर डेढ़ किमी तक घिसटता चला गया। दोनों के शव क्षत-विक्षत मिले। यह दुर्घटनाएं प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर मानिकपुर व हथिगवां क्षेत्र में रविवार रात हुईं। किन वाहनों से टक्कर लगी, इसका पता लगाने को पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कुंडा बरई पूरब पट्टी मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विनोद कुमार हेला पुत्र स्वर्गीय नंदलाल अपने चचेरे भाई 25 वर्षीय शनि हेला पुत्र राकेश के साथ प्रयागराज के लालगोपालगंज नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी था। दोनों शिवरात्रि यानी रविवार को सुबह ड्यूटी करने के लिए घर से नगर पंचायत लालगंज गोपालगंज गए थे। वहां से शाम पांच बजे दोनों घर के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। स्वजन दोनों का इंतजार करते रहे। रात करीब 12:00 बजे विनोद कुमार को घायल दशा में मानिकपुर क्षेत्र प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर मिलेट्री ग्राउंड लाटतारा के पास लोगों ने देखा तो सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी कुंडा ले गई। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर रात करीब तीन बजे लोगों ने शनि हेला को भी प्रयागराज लखनऊ हाईवे पर लाटतारा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बड़गों तिवारीपुर गांव के पास घायल दशा में पाया। लोकल होने के नाते लोग पहचान गए। वहां भी पुलिस पहुंची व उसे सीएचसी ले गई। देखते ही चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में दो-दो मौतों की जानकारी होने पर घरों में मातम छा गया। इस हादसे में पुलिस भी चकराई है कि दोनों सफाई कर्मी साथ थे तो दूसरे की लाश डेढ़ किमी दूर कैसे मिली। जांच इसकी भी चल रही है कि कहीं वह टकराने के बाद वाहन में फंसकर या उलझकर तो दूर तक नहीं चला गया।

दूसरे हादसे में हथिगवां के पलएं दुधिया गांव निवासी 26 वर्षीय अनिल पटेल पुत्र कल्लू की जान चली गई। वह गांव के 25 वर्षीय रोहित पटेल पटेल के साथ बाइक से किसी काम के लिए रविवार की रात कुंडा जा रहा था। हथिगवां टोल प्लाजा के पास पहुंचा ही था कि अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी कुंडा लाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने रोहित पटेल को मृत घोषित कर दिया। साथ रहे अनिल पटेल की हालत गंभीर होने पर उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।

इस संबंध में सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता का कहना है कि सूचना मिलने पर तीनों जगह पुलिस टीमें पहुंचीं। अस्पताल भेजकर उनकी जान बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तीन की सांस थम गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- स्कूल से गायब अध्यापक का वेतन निकाल रही थीं प्रधानाध्यापिका, प्रयागराज के बीएसए ने किया निलंबित

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, प्रयागराज एक्सप्रेस 18 फरवरी से जंक्शन से चलेगी, अब सूबेदारगंज स्टेशन नहीं जाना होगा
Pages: [1]
View full version: प्रतापगढ़ में 6 घंटे के भीतर सड़क हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत, एक को वाहन ने डेढ़ किमी तक घसीटा