LHC0088 Publish time 2026-2-16 17:57:45

ओडिशा में फर्जी माओवादी पोस्टर लगाकर दहशत फैलाने वाला कथित जर्नलिस्ट गिरफ्तार, साथी भी धराया

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/odisha-crime-news-(31)-1771241906817_m.webp

पकड़े गए आरोपी। (जागरण)



जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के रायगड़ा जिले में माओवादी बनकर कंपनियों को धमकाने और फर्जी पोस्टर लगाने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है।

रायगड़ा पुलिस ने रविवार रात (15 फरवरी 2026) को एक वेब चैनल के पत्रकार और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने दहशत पैदा करने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर फर्जी माओवादी बैनर लगाए थे।
कंपनियों को धमकाने का था आरोप

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेब पत्रकार अनुब्रत बड़ा उर्फ रंजू और काशिपुर निवासी बाली माझी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि इन लोगों ने 13 फरवरी को रायगड़ा के तीन प्रमुख स्थानों पर माओवादी संगठन के नाम से बैनर और पोस्टर चिपकाए थे।

इन पोस्टरों के जरिए स्थानीय कंपनियों और व्यवसायियों को डराने-धमकाने का काम किया गया था ताकि उनसे अनुचित लाभ उठाया जा सके।
पुराना अपराधी निकला पत्रकार का साथी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमूल्य कुमार धर ने बताया कि शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि इन बैनरों का किसी सक्रिय माओवादी संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि पत्रकार का सहयोगी बाली माझी पहले भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है।
दहशत फैलाने की रची थी साजिश

पुलिस ने बताया कि आरोपी वेब पत्रकार ने अपनी पहचान का गलत इस्तेमाल कर इलाके में अशांति फैलाने और कंपनियों में डर पैदा करने की साजिश रची थी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।

आरोपियों की चिकित्सीय जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में किसी अन्य की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- रायगड़ा में माओवादी पोस्टर से दहशत, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
Pages: [1]
View full version: ओडिशा में फर्जी माओवादी पोस्टर लगाकर दहशत फैलाने वाला कथित जर्नलिस्ट गिरफ्तार, साथी भी धराया