भोजपुर में टाउनशिप मॉडल पर मिलेगा घर, सड़क-पानी-स्कूल समेत सभी सुविधाएं, किन्हें मिलेगा ये आवास?
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Bhojpur-DDC-1771253028521_m.webpसमीक्षा बैठक करतीं डीडीसी गुंजन सिंंह। जागरण
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के भूमिहीन पर्चाधारियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। जिन परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा जमीन का पर्चा तो मिल चुका है, लेकिन अब तक आवास और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाई थीं, उन्हें अब टाउनशिप मॉडल के तहत एक ही जगह घर के साथ सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला प्रशासन ने इस दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। सोमवार को डीडीसी गुंजन सिंह की अध्यक्षता में विद्या भवन में समीक्षा बैठक हुई।
इसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्चाधारियों के लिए क्लस्टर आधारित टाउनशिप आवास योजना का प्रस्ताव, नक्शा और योजना विवरण तैयार कर 19 फरवरी तक जिला मुख्यालय को सौंपें।
सिर्फ मकान नहीं, पूरी टाउनशिप बनेगी
डीडीसी ने बताया कि अब तक पर्चाधारियों को केवल आवास उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था में उन्हें सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से टाउनशिप की तर्ज पर बसाया जाएगा।
इस योजना के तहत, पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पक्की सड़क, स्कूल और आंगनबाड़ी, खेल मैदान और अन्य बुनियादी व आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विकास योजनाओं में भी तेजी
बैठक में षष्ठम राज्य वित्त आयोग के तहत वर्ष 2025-26 की 97 अति महत्वपूर्ण जनोपयोगी योजनाओं की सूची सभी अंचल अधिकारियों को सौंपी गई।
उन्हें निर्देश दिया गया कि वे तीन दिनों के भीतर एनओसी उपलब्ध कराएं। इसके अलावा आरआईडीएफ निधि से बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के लिए भूमि सीमांकन भी तय समय में पूरा करने को कहा गया।
आंबेडकर समग्र सेवा अभियान पर फोकस
इसी क्रम में डीडीसी की अध्यक्षता में जिला और प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक हुई। इसमें आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए।
पुराने सर्वेक्षण से जुड़े व्यक्तिगत शौचालय, नल-जल योजना, टीकाकरण, एएनसी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और सीएससी की क्रियाशीलता से संबंधित सभी दस्तावेज 20 फरवरी तक जमा कराने को कहा गया।
Pages:
[1]