Mahoba में 65 लाख की टंकी में पानी भरते ही आई दरार, अखिलेश बोले- भ्रष्टाचार की पाइपलाइन लखनऊ तक
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Jal-Jeevan-Mission-water-tank-broke-in-Mahoba-1771256581288_m.webpटंकी को दुरुस्त करने में लगे कर्मी। जागरण
संवाद सूत्र, बेलाताल (महोबा)। जल जीवन मिशन योजना की बदहाली के साथ भ्रष्टाचार को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच 30 जनवरी को हुए विवाद की गर्माहट भले ही शांत हो गई हो, लेकिन योजना की बदहाल तस्वीर सामने आई। ऐसे में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसा।
विधायक के क्षेत्र में जैतपुर ब्लाक के नगाराडांग गांव में 65 लाख से बनी टंकी में पानी भरते ही दरार आ गई और पानी बहने लगा। इससे योजना की पोल खुल गई। इसे लेकर अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट पर लिखा है कि गिरती टंकी समाचार : फरवरी 2026। आगे लिखा है कि महोबा में भाजपा के भ्रष्टाचार के बोझ को न उठा पाई पानी की टंकी। यहां बुलडोजर नहीं चलेगा, क्योंकि भ्रष्टाचार की पाइपलाइन महोबा से लखनऊ तक, जलापूर्ति की जगह धनापूर्ति कर रही है। ये जल मिशन नहीं, कमीशन-मिशन है। भाजपा जाए तो पानी मिल जाए। सपा अध्यक्ष का यह पोस्ट चर्चा में बना हुआ है।
इधर, टंकी दरकने मामले की तकनीकी जांच के लिए समिति गठित
जैतपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत नगाराडांग में करीब 261.51 करोड़ की लागत की धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत लगभग 65 लाख की टंकी बनकर तैयार हुई। इसमें पानी भरते ही दरार आ गई और हजारों लीटर पानी बह गया। रविवार को इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में जमकर प्रचलित हुआ और जल जीवन मिशन की बदहाली सामने आई। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने टीम गठित की है। जो इसकी तकनीकी व स्थलीय जांच कर आख्या सौंपेगी।
प्रधान ने लिखा था पत्र
नगाराडांग की प्रधान गायत्री देवी ने जिलाधिकारी व एडीएम नमामि गंगे को पत्र भेजकर बताया था कि दिसंबर 2025 में पानी की टंकी बनकर तैयार हुई। 13 फरवरी को इसमें पानी भरा गया। दूसरे दिन ही टंकी में दरारें आ गईं और पानी बहने लगा। रविवार को इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित हुआ। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति), अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड प्रथम व अधिशाषी अभियंता मौदहा बांध की तीन सदस्यीय टीम गठित की है। जो प्रकरण की तकनीकी एवं स्थलीय जांच कर आख्या शीघ्र प्रस्तुत करेगी।
आखिर जवाबदेही किसकी?
एडीएम नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम ने बताया कि प्रकरण की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिशाषी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) से जांच कराई गई। ग्राम नगाराडांग स्थित शिरोपरि जलाशय से नगाराडांग सहित अन्य ग्रामों में पिछले 10 माह से आपूर्ति की जा रही है। जलाशय में कोई स्ट्रक्चरल क्षति नहीं पाई गई। प्रचलित वीडियों मे ओवरफ्लो के कारण टंकी के ऊपरी हिस्से से पानी बहता प्रतीत हो रहा है। गुणवत्ता की जांच पूर्व में थर्ड पार्टी इस्पेक्शन एजेंसी सेंसिस द्वारा भी की गई। धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना वर्तमान में ट्रायल एंड रन के अंतर्गत संचालित है। तकनीकी जांच के बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
नगाराडांग पहुंची टीम, शुरू हुआ पानी की टंकी को दुरुस्त करने का कार्य
जिम्मेदार हरकत में आए और गांव टीम भेजकर टंकी को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया गया। लोगों को उम्मीद जगी है कि अब बेहतर काम होगा और आने वाले दिनों में सभी घरों में पानी पहुंचेगा। ग्रामीण मुकेश, जयराम, गौरी आदि ने बताया कि सोमवार को नमामि गंगे के कर्मियों ने गांव पहुंचकर काम शुरू किया है और टंकी में जो कमी है उसे दुरुस्त कराया जा रहा है।
Pages:
[1]