LHC0088 Publish time 2026-2-16 21:27:39

दिल्ली नगर निगम बैठकों का रिकॉर्ड होगा सार्वजनिक, 10 लाख से ज्यादा पेज होंगे डिजिटल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/delhi-nagar-nigam-1771258140276_m.webp

दिल्ली MCD बैठकों के रिकॉर्ड होंगे सार्वजनिक। (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सूचना के अधिकार के तहत लोग ज्यादा से ज्यादा जानकारी सार्वजनिक रूप से जान सकें इसके लिए निगम अपनी स्थायी समिति और सदन की बैठकों का रिकॉर्ड वेबसाइट पर सार्वजनिक करेगा।

इसको लेकर एमसीडी के सदन में प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। हालांकि फिलहाल अभी 22 मई 2022 से लेकर 2026 तक के रिकॉर्ड को सार्वजनिक किया जाएगा। इसमें सदन और स्थायी समिति में लगाए गए प्रस्ताव शामिल होंगे। साथ ही सदन और समिति की कार्यवाही की मिनट्स आफ मीटिंग भी होंगी।

हालांकि निगम के पास 1958 से लेकर अब तक का रिकॉर्ड मौजूद है। चूंकि निगम का रिकॉर्ड काफी पुराना है और उसके कागज की स्थिति बहुत खराब हो गई है। ऐसे में निगम किसी विशेषज्ञ से इस रिकॉर्ड को ठीक कराकर ही डिजिटल कर सकता है। निगम के पास 10 लाख से अधिक पेज हैं। इन पेज आइएनजीसीए या अन्य किसी विशेषज्ञ संस्था से ठीक कराया जाएगा। ताकि वह उपयोग के दौरान नष्ट न हो जाए।
कितना होगा खर्च?

हालांकि इसके लिए निगम को बड़े फंड की जरूरत होगी। जिस पर पांच से सात करोड़ से ज्यादा का खर्च हो सकता है। इसलिए निगम फिलहाल पुन: एकीकरण के बाद के रिकॉर्ड को ही वेबसाइट पर सार्वजनिक करेगा। उल्लेखनीय है कि 2012 में दिल्ली नगर निगम को तीन हिस्सों में किया गया था। इसमें पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम था।

निगमों की खराब आर्थिक स्थिति के बाद केंद्र सरकार ने 2022 में इन्हें एकीकृत करके दिल्ली नगर निगम का गठन कर दिया था। उल्लेखनीय है कि एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने इस संबंध में निगम से जवाब मांगा था। हालांकि निगम ने इससे पूर्व भी निगम का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की कोशिश की है लेकिन फंड की दिक्कतों के चलते अभी तक इसे किया नहीं जा सका है।
Pages: [1]
View full version: दिल्ली नगर निगम बैठकों का रिकॉर्ड होगा सार्वजनिक, 10 लाख से ज्यादा पेज होंगे डिजिटल