cy520520 Publish time Yesterday 23:56

धनबाद को युवा नेतृत्व की जरूरत, पूर्व मेयर के प्रयास अच्छे पर अब आराम करें: जयराम महतो

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Jairam-Mahto-1771266474822_m.webp

डुमरी विधायक जयराम महतो।



जागरण संवाददाता, धनबाद। आम तौर पर चुनावी राजनीति में ऐसा कम ही देखने को मिलता है, जैसा कि धनबाद में देखने को मिल रहा है। चुनाव के दौरान प्रत्याशी और उनके दल आमतौर पर एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले करते हैं और विरोधियों की खामियां गिनाते हैं।

इसी बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख व डुमरी विधायक जयराम महतो ने पूर्व मेयर एवं झामुमो समर्थित मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के कार्यों की सराहना की है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब उनकी उम्र हो चुकी है और उन्हें आराम कर युवाओं को अवसर देना चाहिए।

जेएलकेएम ने धनबाद मेयर के लिए प्रकाश कुमार महतो को प्रत्याशी बनाया है। प्रकाश महतो के लिए डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोमवार को धनबाद में दिनभर जनसंपर्क अभियान चलाया। प्रकाश कुमार के आवास पर मीडिया से बात करते हुए जयराम ने कहा-धनबाद शहर के विकास में कुछ गतिरोध रहा है। बीते वर्षों में पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने धनबाद के लिए अच्छे प्रयास किए, लेकिन अब उनकी उम्र हो चुकी है। उन्हें आराम करना चाहिए और शहर की कमान युवाओं के हाथों में सौंप देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि धनबाद में पानी, सड़क, नालियों के साथ-साथ प्रदूषण की गंभीर समस्या है। यदि प्रकाश मेयर बनते हैं तो इन सभी मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब धनबाद को शिक्षित और युवा नेतृत्व की जरूरत है, ताकि शहर की पहचान बदली जा सके। साथ ही ऐसा जनप्रतिनिधि होना चाहिए जो जनता के धन की बचत कर सके।

जयराम महतो ने मेयर पद के चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यदि चंद्रशेखर अग्रवाल चुनाव जीतते हैं तो वे धनबाद के विकास में उनका पूरा सहयोग करेंगे। वहीं, यदि उनके समर्थित प्रत्याशी की जीत होती है, तो वे चंद्रशेखर अग्रवाल के अनुभव का लाभ लेना चाहेंगे।

जयराम महतो ने संजीव सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि उनकी पत्नी सम्मानित विधायक हैं और उन्हें उनके कार्यों में सहयोग करना चाहिए। हर पद पर एक ही परिवार के लोगों का होना आवश्यक नहीं है। इस दौरान प्रत्याशी प्रकाश कुमार, केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल, सपन मोदक समेत अन्य लोग मौजूद थे।
Pages: [1]
View full version: धनबाद को युवा नेतृत्व की जरूरत, पूर्व मेयर के प्रयास अच्छे पर अब आराम करें: जयराम महतो