LHC0088 Publish time 2026-2-17 00:26:33

Jharkhand News: हाथी के बच्चे की मौत से बरकाकाना-बरवाडीह रेल खंड ठप, खलारी में पलामू एक्सप्रेस के यात्री बेहाल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Palamu-Express-1771267649819_m.webp



संवाद सूत्र, खलारी (लातेहार)। सोमवार देर शाम लातेहार जिले के निंद्रा रेलवे स्टेशन के समीप रेल पटरी पर हाथी के एक बच्चे की ट्रेन से कटकर मौत हो जाने के बाद बरकाकाना–बरवाडीह रेल खंड पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। इस घटना के चलते क्षेत्र में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

घटना के बाद बरकाकाना से बरवाडीह के बीच ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। इसी क्रम में खलारी रेलवे स्टेशन पर रात 7.35 बजे पहुंची 13347 बरकाकाना–पटना पलामू एक्सप्रेस को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिल सकी। यह ट्रेन करीब तीन घंटे से खलारी स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि उन्हें न तो किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। यात्रियों का आरोप है कि भारतीय रेलवे की ओर से हालचाल लेने या मार्गदर्शन के लिए कोई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। यात्रियों को ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। पतरातू से सवार यात्री गौरीशंकर मिश्रा और भुरकुंडा से सवार सोनू सिंह, दोनों पटना जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि एसी कोच में एयर कंडीशनर बंद रहने के कारण घुटन महसूस हो रही थी। वहीं बरकाकाना से सवार आशु तिवारी ने ट्रेन में पेंट्री कार नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खाने और पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने से काफी परेशानी हो रही है। उनका कहना था कि यदि ट्रेन समय पर चलती तो तीन घंटे में डाल्टनगंज या गढ़वा पहुंच जाते, जहां भोजन और पानी मिल जाता।

यात्रा कर रहे सीआईएसएफ जवान अफरोज अंसारी ने बताया कि उन्हें पटना से आगे की ट्रेन पकड़नी है, लेकिन देर होने के कारण वह ट्रेन छूटने की आशंका है। मजबूरी में यात्रियों ने स्टेशन पर मौजूद एकमात्र स्टाल से बिस्कुट और चिप्स खरीदकर भूख मिटाई।

खलारी से सवार आनंदकुमार चौहान ने अपने घर पर सूचना देकर खाना मंगवाया। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन कब खुलेगी, इसकी कोई जानकारी रेलवे प्रशासन द्वारा नहीं दी जा रही है, जिससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
Pages: [1]
View full version: Jharkhand News: हाथी के बच्चे की मौत से बरकाकाना-बरवाडीह रेल खंड ठप, खलारी में पलामू एक्सप्रेस के यात्री बेहाल