संभल में ज्वेलर्स की आंखों में धूल झोंककर 25 ग्राम सोने के कंगन पार, भीड़ ने फिल्मी स्टाइल में दबोचा!
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/C-343-1-BRY1522-469925-1771268899824_m.webpअसमोली में आरोपित को पकड़ कर ले जाती पुलिस। जागरण
संवाद सहयोगी, संभल। असमोली कस्बे में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान पर सामान देखने के बहाने पहुंचे तीन युवकों ने सोने के कंगन चुरा लिए। शोर मचने पर लोगों ने पीछा कर एक आरोपित को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी कार सहित भाग निकले। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कस्बे में दुकान स्वामी पवन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की दोपहर करीब दो बजे एक कार से तीन व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। इनमें से दो युवक दुकान के अंदर आए और सोने के आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार जब उन्हें जेवर दिखा रहा था, तभी एक युवक ने मौका पाकर करीब 25 ग्राम वजन के दो सोने के कंगन उठा लिए और बाहर की ओर भागने लगा।
अचानक हुई इस हरकत को देख पवन कुमार ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। जरीफ अहमद, ललित वर्मा और दुकानदार के बेटे हेमंत ने अन्य लोगों के साथ मिलकर तीनों आरोपितों का पीछा किया। कुछ दूरी पर एक युवक को घेरकर पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम मुरादाबाद जनपद के कटघर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव भदोड़ा निवासी महावीर बताया। कंगन भी बरामद हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपित और उसकी कार सौंप दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी ने बताया कि पवन कुमार की तहरीर पर महावीर समेत दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- \“संभल कल्कि\“ फिल्म का दूसरा पोस्टर जारी, रजनीश दुग्गल दिखेंगे बनवारी लाल गोयल के किरदार में
Pages:
[1]