LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

Ranchi News: बच्चा चोरी के शक में हुई थी युवक की बेरहमी से पिटाई, पोस्टमार्टम में सिर और छाती पर गंभीर चोट की पुष्टि

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/beaten-1771278092183_m.webp

सांकेतिक तस्वीर



जागरण संवाददाता, पिपरवार (रांची)। पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो स्थित चिरैयाटांड गांव में ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में रामबली रजवार की बेरहमी से पिटाई की गई थी। पोस्टमार्टम में सिर और छाती पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने मृतक के शव को घरवालों के हवाले कर दिया है।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मृतक को गंभीर हालत में इलाज के लिए बचरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस भेज दिया गया, लेकिन रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस दोबारा उसे बचरा क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक रामगढ़ जिले के बरवाटोली का निवासी था।

परिजनों के अनुसार, रामबली रजवार मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और इलाज के सिलसिले में मैक्लुस्कीगंज आया था। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह भटकते हुए पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो गांव पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी।

परिजन पिछले दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर वे पिपरवार थाना पहुंचे, जहां उन्हें उसके निधन की सूचना मिली। इस संबंध में

टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार एवं पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि बच्चा चोरी के शक में की सूचना मिलते ही तत्काल पेट्रोलिंग टीम को भेजा गया था। पुलिस ने मौके से व्यक्ति को छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया और बाद में रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है और पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एसडीपीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें।
Pages: [1]
View full version: Ranchi News: बच्चा चोरी के शक में हुई थी युवक की बेरहमी से पिटाई, पोस्टमार्टम में सिर और छाती पर गंभीर चोट की पुष्टि