deltin33 Publish time 2026-2-17 06:56:35

पटना विवि छात्रसंघ चुनाव: नामांकन शुरू, पहले दिन एक ने भरा पर्चा; 18 फरवरी अंतिम तिथि

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Patna-University-1771291062106_m.webp



जागरण संवाददाता, पटना। पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो गई। पहले दिन सेंट्रल पैनल के संयुक्त पद के लिए मैथिली विभाग के चंदन कुमार ने नामांकन किया। सेंट्रल पैनल के पांच और काउंसलर के 22 पदों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 18 फरवरी है।

विश्वविद्यालय के जेपी अनुषद भवन में नामांकन के लिए 14 काउंटर बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि सुबह 10:00 से दोपहर 3.30 बजे तक नामांकन फार्म स्वीकार किए जा रहे हैं। प्रत्याशी के साथ काउंटर पर सिर्फ दो ही विद्यार्थी जा सकते हैं।

प्रत्याशी को फार्म जमा करते हुए अपने द्वारा दी गई जानकारी और विवरण सही है, इसके लिए हस्ताक्षर भी करना होगा। नामांकन फार्म में दी गई जानकारी और नियम का पालन नहीं करने वाले उम्मीदवारों का फार्म रद कर दिया जाएगा।

फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी है। 19 फरवरी को उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। उम्मीदवार चुनाव से संबंधी अपनी शिकायतों को ग्रिवांस सेल में दर्ज करा सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से उम्मीदवारों की फाइनल सूची 21 फरवरी को जारी की जाएगी।
छात्र संगठन चला रहे संपर्क अभियान

छात्र संगठनों ने कालेजों, विभागों और छात्रावासों में चुनाव प्रचार प्रारंभ कर दिया है। अखिल भारतीय विद्यालय विद्यार्थी परिषद, छात्र संगठन एआइएसएफ, आइसा, छात्र राजद, छात्र जदयू, एनएसयूआ, छात्र लोजपा (आर), एआइडीएसओ के सदस्यों ने लगातार छात्रों के बीच संपर्क बनाए हुए हैं।

हालांकि अभी किसी भी छात्र संगठन ने किसी भी पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। छात्र संगठनों की ओर से बताया जा रहा है कि नामांकन करने से पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। वर्तमान में कालेज और विभाग स्तर पर उम्मीदवारों का सत्यापन कराया जा रहा है।
Pages: [1]
View full version: पटना विवि छात्रसंघ चुनाव: नामांकन शुरू, पहले दिन एक ने भरा पर्चा; 18 फरवरी अंतिम तिथि