भागलपुर रेलवे जंक्शन : शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर अश्लील डांस, अब होगी बड़ी कार्रवाई
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Bhagalpur-Mahashivratri-Obscene-Dance-1771298370117_m.webpभागलपुर रेलवे जंक्शन परिसर में महाशिवरात्रि के मौके पर शिव मंदिर प्रांगण में डांस कार्यक्रम की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर भागलपुर स्टेशन परिसर के पश्चिमी छोर स्थित शिव मंदिर में अश्लील गानों पर बार-बालाओं के ठुमके लगाए जाने के मामले में पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है।
दैनिक जागरण में सोमवार को प्रकाशित खबर के बाद रेल एसपी (एसआरपी) विद्या सागर सोमवार को निरीक्षण के लिए भागलपुर पहुंचे। एसआरपी के साथ आरपीएफ कमांडेंट ने इस मामले की जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट के आधार पर इसमें शामिल पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग हाल ही में देर रात डीजे बजाने और अश्लील गीतों पर सख्ती का आदेश जारी कर चुका है। इसके बावजूद महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जीआरपी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अश्लील भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाए गए और पैसे बांटे गए।
[*]
घटना का समय और स्थान: महाशिवरात्रि के दिन, भागलपुर स्टेशन परिसर के शिव मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम हुआ।
[*]
घटना का स्वरूप: कार्यक्रम में अश्लील भोजपुरी गानों पर बार-बालाओं के ठुमके लगाए गए।
[*]
कौन शामिल थे: आधा दर्जन से अधिक जीआरपी जवान, चार आरपीएफ जवान, एक जवान ने डांसर को रुपये बांटने का मामला भी सामने आया।
[*]
पुलिस और विभाग की प्रतिक्रिया : रेल एसपी (एसआरपी) विद्या सागर निरीक्षण के लिए पहुंचे। आरपीएफ कमांडेंट ने जांच शुरू की। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक जीआरपी जवान और चार आरपीएफ जवान इस डांस कार्यक्रम में शामिल थे। एक जीआरपी जवान द्वारा डांसर को नचाने के लिए पर्स खोलकर रुपये बांटने की भी बात सामने आई है।
इस मामले में जीआरपी और आरपीएफ दोनों जांच कर रही हैं। मालदा डीआरएम के निर्देश पर आरपीएफ कमांडेंट ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आरपीएफ इंस्पेक्टर को सौंपने का आदेश दिया है। डीआरएम ने भी जांच रिपोर्ट तत्काल समर्पित करने का आदेश दिया है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि पावन अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन होने के बावजूद अश्लील गानों पर ठुमके लगाना अनुचित और विभागीय नियमों के खिलाफ है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Pages:
[1]