LHC0088 Publish time 2026-2-17 10:57:06

नैनीताल कोर्ट को बम से उड़ाने की दूसरी धमकी, ISI और तमिल टाइगर्स ने ली जिम्मेदारी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/nainitalcourt-1771306887405_m.webp

बम निरोधक व डॉग स्क्वाड परिसर की जांच में जुटा। फोटो- वीडियो ग्रैब



जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर के जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ने की धमकी भरे संदेश थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती रोज परिसर में मचे हड़कंप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू भी नहीं की है कि एक और धमकी भरे संदेश ने फिर खलबली मचा दी है।

जिला जज के कार्यालय ईमेल एड्रेस पर सुबह 7:11 पर प्राप्त संदेश में कोर्ट परिसर में सी4 आरडीएक्स से बने बम पूर्व में ही स्थापित किये जाने और 11:15 पर इनके फटने की बातें कही गई है। ईमेल मिलने के बाद एक बार फिर कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता परिसर के निरीक्षण में जुटा हुआ है। इस बार हमले की जिम्मेदारी तमिल टाइगर ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई द्वारा ली गई है।

बता दें कि सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। धमकी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मचा रहा। आधे दिन न्यायिक कार्य बाधित होने के साथ ही भारी पुलिस बल परिसर की निरीक्षण और जांच में जुटा रहा।

वहीं पुलिस की ओर से अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इधर मामले की जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि मंगलवार सुबह 7:11 पर ईमेल पर एक और संदेश ने फिर खलबली मचा दी। दूसरे संदेश में कहा गया है कि जज चैंबर में आज सुबह 11:15 बजे फटने के लिए पांच आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, तुरंत अदालत खाली कर दें।

यह भी पढ़ें- नैनीताल: मल्ला-तल्ला अमजड मोटर मार्ग को मिली 13.10 करोड़ की सौगात, जल्द होगा डामरीकरण

संदेश में बम विस्फोट किस प्रकार होंगे यह भी जानकारी दी गई है। साथ ही जिम्मेदारी लेते हुए सबसे नीचे तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई लिखा गया है। संदेश मिलने के बाद ही कोर्ट परिसर में खलबली मची हुई है।

सूचना के बाद डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता कोर्ट परिसर पहुंच जज और अधिवक्ता चैंबर्स के साथ ही पार्किंग और अन्य सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच में जुटा हुआ है। परिसर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
Pages: [1]
View full version: नैनीताल कोर्ट को बम से उड़ाने की दूसरी धमकी, ISI और तमिल टाइगर्स ने ली जिम्मेदारी