Census 2027: जनगणना की तैयारियां तेज, ट्रेनिंग के लिए मास्टर ट्रेनर्स को भेजा जाएगा लखनऊ
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Census-2027-(1)-1771316056696_m.webpसांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम संजीव रंजन ने जिलास्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी।
बताया कि मास्टर ट्रेनर्स को इस काम के लिए लखनऊ में प्रशिक्षित किया जाएगा। यह आने वाले समय में प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण काम होगा।
डीएम ने कहा कि जनगणना देश की आबादी, सामाजिक-आर्थिक स्थिति व जनसांख्यिकीय संरचना का सबसे विश्वसनीय आधार है। आधार पर विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण व निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन तय होता है।
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करे तथा फील्ड स्तर पर पर्याप्त कार्मिक उपलब्ध कराएं। डाटा की शुद्धता, पारदर्शिता व गोपनीयता पर विशेष जोर दिया गया। जनगणना इस बार आनलाइन माध्यम से होगी, इसलिए कार्मिकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाए।
ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों व जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। एडीएम वित्त व राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि तीन मास्टर ट्रेनर 17 से 19 फरवरी तक लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इनमें अपर संख्याधिकारी अनुराग किशोर सिंह, महामाया पालीटेक्निक के प्रवक्ता मनु झा व शक्ति सिंह शामिल हैं। इनके प्रशिक्षण के बाद अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा।
इसमें आवासीय भवनों व मूलभूत सुविधाओं का विवरण संकलित किया जाएगा। दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना कर प्रत्येक व्यक्ति का विस्तृत डाटा दर्ज किया जाएगा। मई जून में ही चार्ज आफिसर, सुपरवाइजर व प्रगणक नामित होंगे।
इस मौके पर सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, सभी एसडीएम, एसीएम, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनिल कुमार दीक्षित मौजूद रहे।
Pages:
[1]