LHC0088 Publish time 2026-2-17 14:57:09

यूपी बोर्ड परीक्षा में Admit Card भूलने पर भी दे सकेंगे एग्जाम, शपथ पत्र देकर मिलेगा मौका

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/04_07_2025-exam_23974718-1771321644391-1771321654392_m.webp

यूपी बोर्ड परीक्षा में Admit Card भूलने पर भी दे सकेंगे एग्जाम।



जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बीच बोर्ड ने परीक्षार्थियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दिन यदि कोई छात्र प्रवेशपत्र लाना भूल जाता है, तो उसे परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा।

ऐसे परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर ही शपथपत्र देना होगा कि वह अगली परीक्षा में अनिवार्य रूप से प्रवेशपत्र प्रस्तुत करेगा। यह सुविधा केवल एक बार ही मान्य होगी।

संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक मुकेश डॉ. चंद्र अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। यदि कोई परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में नोट या किसी भी प्रकार की सामग्री रखता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसकी उत्तर पुस्तिका तत्काल लॉक कर दी जाएगी और इसे नकल माना जाएगा। अब नोट को भी नकल सामग्री की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है।

बोर्ड ने कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी व्यवस्था में भी बदलाव किया है। राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक के रूप में 20 पालियों में ड्यूटी देना अनिवार्य किया गया है। पूर्व में कुछ मामलों में समन्वय के आधार पर ड्यूटी में छूट मिल जाती थी, किंतु इस वर्ष इसे सख्ती से लागू किया गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता ने जनपद के सभी 132 परीक्षा केंद्रों को निर्देशित करते हुए कहा है कि किसी भी परिस्थिति में प्रवेशपत्र के अभाव में परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित न किया जाए। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें- UP Board Exam Guidelines 2026: यूपी बोर्ड 10th 12th परीक्षाएं कल से, एग्जाम गाइडलाइंस व सब्जेक्ट वाइज टाइम टेबल यहां करें चेक

यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: नकल रोकने को लागू हुआ सख्त नया कानून, हाईटेक निगरानी से टूटेगा सिस्टम
Pages: [1]
View full version: यूपी बोर्ड परीक्षा में Admit Card भूलने पर भी दे सकेंगे एग्जाम, शपथ पत्र देकर मिलेगा मौका