जीएमसीएच में सीटी स्कैन सेवा अस्थाई रूप से बंद, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/gmch-1771324504871_m.webpअस्पताल के कंट्रोल रूम के बाहर लगाया गया इस्तेहार। जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया । राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच) में संचालित सीटी स्कैन मशीन का संचालन तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार रेडियोलॉजी विभाग में मशीन के अधिष्ठापन के दौरान आई तकनीकी दिक्कतों तथा आधारभूत संरचना के नवीनीकरण कार्य के कारण पूर्व निर्धारित समय पर मशीन का संचालन संभव नहीं हो पाया है।
आगामी 21 फरवरी 2026 तक सीटी स्कैन सेवा पूरी तरह से बाधित रहेगी। इस अवधि में मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी होगी।
अस्पताल प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। इससे पूर्व भी सीटी स्कैन मशीन को नव निर्मित भवन के ब्लॉक-बी के भूतल पर स्थापित करने की प्रक्रिया के दौरान सेवा प्रभावित रही थी।
प्रशासन के अनुसार मशीन के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार एवं संरचनात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में मरीजों को निर्बाध सुविधा मिल सके।
सीटी स्कैन सेवा बंद रहने से खासकर दुर्घटना, स्ट्रोक एवं अन्य गंभीर रोगों के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में इसको लेकर चिंता देखी जा रही है।
मार्केट में मात्र दो जगहों पर सीटी स्कैन की सुविधा
तकनीकी कारणों से जीएमसीएच में बीते 11 फरवरी से सीटी स्कैन की सेवा बंद है। हालांकि इस दौरान दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल करीब एक दर्जन के आसपास मरीज आए हैं।
सबों के उपचार के लिए सीटी स्कैन की आवश्यकता पड़ी है। इन्हें बाहर से सीटी स्कैन कराना पड़ा है। मार्केट में मात्र दो जगहों पर सीटी स्कैन की सुविधा है। वहां मरीजों का जमकर आर्थिक शोषण हो रहा है। वहीं सीटी स्कैन बंद होने की सूचना पर बिचौलिए अस्पताल में मंडराने लगे हैं।
तकनीकी कारणों से सीटी स्कैन सेवा को अस्थाई रुप से बंद किया गया है। निर्धारित अवधि के भीतर सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान कर सेवा पुनः प्रारंभ कर दी जाएगी।
-- डा सुधा भारती, अधीक्षक, जीएमसीएच
Pages:
[1]