LHC0088 Publish time 2026-2-17 17:01:07

अब दिल्ली से मेरठ दूर नहीं! 45 मिनट में तय होगी पूरी दूरी...नमो भारत ट्रेन का PM मोदी इस दिन करेंगे उद्घाटन

Meerut Metro Opening Date: उत्तर प्रदेश के लोगों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ साउथ तक रैपिड रेल यानी नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अगले हफ्ते गौतम बुद्ध नगर का दौरा करेंगे। इस दौरान वे उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की नींव रखेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री, मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर का भी उद्घाटन करेंगे।



सीएम योगी ने दी बड़ी जानकारी



सोमवार को बजट सत्र के दौरान विधान परिषद में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पानी, जमीन और हवाई मार्ग से बेहतरीन कनेक्टिविटी है। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को गौतम बुद्ध नगर में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे उत्तर प्रदेश को हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक जाने वाले 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्सों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 23 किलोमीटर लंबे मेरठ मेट्रो कॉरिडोर की भी शुरुआत होगी, जिसमें कुल 13 स्टेशन हैं।




संबंधित खबरें
India-France Defence Deal : इंडिया-फ्रांस के बीच गहरी होती दोस्ती, भारत को मिलेगा सुपर राफेल, देश में बनेगी हैमर मिसाइल अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 5:16 PM
गल्फ देशों के साथ व्यापार समझौते में \“सोना\“ शामिल नहीं करेगा भारत, घरेलू बाजार को बचाने की तैयारी अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 4:31 PM
DU Bans Protests: दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस में एक महीने तक विरोध-प्रदर्शन बैन, आर्ट्स फैकल्टी के पास हिंसक झड़प के बाद डीयू का फैसला अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 4:27 PM

नमो भारत रैपिड रेल का पूरा रूट



अधिकारियों के अनुसार, उनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का भाग और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे अहम स्टेशन शामिल हैं। यह रैपिड रेल सिस्टम बड़े रिहायशी, व्यावसायिक और औद्योगिक इलाकों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



45 मिनट में पूरी होगी दूरी



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले मेरठ से दिल्ली जाने में लगभग तीन घंटे लग जाते थे। उन्होंने बताया कि उस समय यात्रा लंबी होने के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती थी। उन्होंने कहा, “आज 12 लेन के हाईवे की वजह से दिल्ली और मेरठ के बीच की दूरी करीब 45 मिनट में तय की जा सकती है। रैपिड रेल शुरू होने के बाद यह सफर और भी आसान हो जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री योगी के अनुसार, उत्तर प्रदेश देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा रखता है। साथ ही, भारत का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क भी इसी राज्य में है। उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में 22 एक्सप्रेसवे का नेटवर्क है। इनमें से सात चालू हैं, पांच का निर्माण जारी है और 10 पर काम चल रहा है।



22 फरवरी को पीएम करेंगे उद्घाटन



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस समय उत्तर प्रदेश में छह अलग-अलग कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र नोदी 22 फरवरी को करेंगे। इनलैंड वॉटरवे को लेकर उन्होंने कहा कि वाराणसी-हल्दिया जलमार्ग को विकसित किया गया है। इस रूट पर रामनगर, चंदौली, मिर्जापुर और गाजीपुर के टर्मिनलों को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि माल ढुलाई और व्यापार को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि जब उनकी सरकार बनी थी, तब प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट पूरी तरह से चालू थे, जबकि दो अन्य एयरपोर्ट आंशिक रूप से काम कर रहे थे। अब राज्य में हवाई सेवाओं का काफी विस्तार हुआ है।
Pages: [1]
View full version: अब दिल्ली से मेरठ दूर नहीं! 45 मिनट में तय होगी पूरी दूरी...नमो भारत ट्रेन का PM मोदी इस दिन करेंगे उद्घाटन