बठिंडा में अमृतधारी सिख प्रचारक के बाल और दाढ़ी काटे, तीन के खिलाफ मामला दर्ज; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/bathinda-news-1771339049294_m.webpअमृतधारी सिख प्रचारक रघवीर सिंह पर हमला हुआ
संवाद सूत्र, गोनियाना (बठिंडा)। बठिंडा के नेहियांवाला थाना क्षेत्र के गांव ख्यालीवाला में एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक अमृतधारी सिख प्रचारक पर हमला कर उसके बाल और दाढ़ी काटने का मामला दर्ज किया गया है।
पीड़ित प्रचारक रघवीर सिंह ने बताया कि वह अपने घर में चल रहे काम के सिलसिले में गांव के मिस्त्री अमरजीत सिंह को बुलाने के लिए सुबह करीब 7:30 बजे उसके घर गए थे। इसी दौरान गांव के ही दो अमृतधारी व्यक्ति हरदीप सिंह और जसवंत सिंह वहां पहुंचे और बिना किसी वजह उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनकी पगड़ी उतारकर कैंची से सिर के केश और दाढ़ी के बाल काट दिए। जब उन्होंने और मिस्त्री अमरजीत सिंह ने विरोध किया तो आरोपियों ने कैंची से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रघवीर सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना नेहियांवाला के प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर हरदीप सिंह, जसवंत सिंह और अमृतपाल सिंह निवासी गांव ख्यालीवाला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 351(2), 115(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रसिद्ध सिख प्रचारक पंथप्रीत सिंह खालसा ने कहा कि अमृतधारी सिखों द्वारा इस तरह की हरकत करना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पंजाब की धार्मिक और सामाजिक परंपराओं के खिलाफ हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Pages:
[1]