cy520520 Publish time 2026-2-17 19:56:58

पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए बढ़ा इंतजार, अप्रैल-मई तक संभावना, 27 मार्च को अंतिम वोटर लिस्ट आएगी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/pkl9-1771339307904_m.webp

कयास लगाए जा रहे थे कि अप्रैल के पहले सप्ताह में नगर निगम के चुनाव संपन्न हो सकते हैं।





राजेश मलकानियां, पंचकूला। नगर निगम चुनाव की हलचल के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया शुरु कर दी है। आयोग की ओर से जारी वोटर लिस्ट कार्यक्रम के अनुसार अब नगर निगम चुनाव अप्रैल के अंत या मई के पहले सप्ताह में होने की संभावना है। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन की तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है।

सब कुछ ठीक रहा और कोई कानूनी अड़चन पैदा न हुई, राज्य सरकार की सहमति के बाद भी राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए 15 दिन से एक महीने का समय लग सकता है।

पहले कयास लगाए जा रहे थे कि मार्च के मध्य में चुनाव का शेड्यूल जारी हो जाएगा और अप्रैल के पहले सप्ताह में चुनाव संपन्न हो सकते हैं। अब इन संभावनाओं पर रोक लग गई है। हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 तथा हरियाणा नगर निगम चुनाव नियम, 1994 के तहत आम चुनाव-2026 के लिए मतदाता सूची संबंधी कार्यक्रम तय किया है।

चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को संबंधित नगर निगम वार्डों में विभाजित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई मतदाता सूचियों के आधार पर निर्धारित प्रारूप में पूरी की जाएगी। 27 फरवरी तक मतदाताओं का वार्डवार वितरण कर प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
28 फरवरी को प्रारूप सूची का प्रकाशन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी को वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद आम नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी, ताकि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई है।

12 मार्च तक संशोधन प्राधिकारी द्वारा इनका निपटारा किया जाएगा। संशोधन प्राधिकारी के आदेशों के विरुद्ध उपायुक्त के समक्ष अपील दायर करने की अंतिम तिथि 16 मार्च रखी गई है। अपीलों के निपटान की अंतिम तिथि 19 मार्च निर्धारित की गई है।

सभी दावे एवं अपीलों के निपटान के बाद 27 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम आम चुनाव-2026 की प्रक्रिया का अहम चरण पूरा हो जाएगा।
Pages: [1]
View full version: पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए बढ़ा इंतजार, अप्रैल-मई तक संभावना, 27 मार्च को अंतिम वोटर लिस्ट आएगी