deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

संतकबीर नगर में सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, शव को रौंदते रहे वाहन

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/death_in_road_accident-1765384529965-1771341583275-1771341593373_m.webp

सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत। फाइल फोटो



संवाद सूत्र, कांटे। फोरलेन पर गोरखपुर की ओर जाने वाली लेन में मंगलवार की सुबह एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वाहनों के रौंदे जाने से क्षत-विक्षत शव को समेटते समय पुलिस कर्मियों का दिल दहल उठा। युवक की पहचान के साथ ही दुर्घटना के बाद फरार हुए वाहन की तलाश के लिए पुलिस देर शाम तक लगी रही।

यह हादसा सुबह पांच बजे हुआ। बूधा कला चौराहे से लगभग पचास मीटर पश्चिम गोरखपुर की ओर जाने वाले लेन में सड़क क्रॉस कर रहा युवक किसी वाहन की चपेट में आकर सड़क पर घायल होकर गिर पड़ा।

जब तक लोगाें की नजर पड़ती और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जाता, इससे पहले तेज रफ्तार चल रहे कई वाहनों ने उसे कुचल दिया, जिससे शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पहचान करना मुश्किल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह से शव को समेटकर कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। उसके शरीर पर हाफ लोअर और जैकेट था। उसका पहनावा देखकर यही लग रहा है कि वह आसपास का ही है।

हालांकि घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका। कांटे चौकी प्रभारी उमाशंकर तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
वाहनों की रफ्तार में दब गई युवक की चीख पुकार

फोरलेन पर हवा की ठंडक और वाहनों की तेज रफ्तार एक साथ बह रही थी। दुनिया अपनी रफ्तार में आगे बढ़ रही थी लेकिन सड़क के बीचोंबीच एक जिंदगी अचानक थम चुकी थी। किसी वाहन की टक्कर से 30 साल का युवा सड़क पर गिर पड़ा।

शायद उसने उठने की कोशिश भी की होगी। शायद उसने मदद के लिए हाथ बढ़ाया होगा। तेज रफ्तार पहियों को न उसकी सांसें सुनाई दीं, न उसकी पीड़ा। एक-एक कर वाहन उसे रौंदते हुए गुजरते रहे।

जब पुलिस और स्थानीय लोग पहुंचे, तब तक उसे बचाने की कोई गुंजाइश नहीं बची थी। शव क्षत-विक्षत होने से पहचान भी नहीं हो सकी। जेब में कोई पहचान पत्र नहीं, कोई मोबाइल नहीं, कोई ऐसा संकेत नहीं जिससे पता चल सके कि वह किसका बेटा था, किसका भाई।

बहरहाल पुलिस शव समेटकर पोस्टमार्टम के लिए लेकर चली गई। सड़क फिर से सामान्य हो गई। गाड़ियां फिर उसी रफ्तार से दौड़ने लगीं। लेकिन सुबह की हवा में एक अनकहा सवाल देर तक तैरता रहा। कितनी आसानी से भीड़ में एक जीवन गुम हो जाता है और कितनी चुप्पी से दुनिया आगे बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से पिकअप सवार चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत
Pages: [1]
View full version: संतकबीर नगर में सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, शव को रौंदते रहे वाहन