Bijnor News: पिंजरे में फंसी गुलदार ने शावक को दिया जन्म, वन कर्मियों ने नाम रखा बाबू
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Bijnor-News-(1)-1771352633092_m.webpचांदपुर में वन विभाग के पिंजरे में मौजूद गुलदार और उसका शावक। सौजन्य: वन विभाग।
संवाद सूत्र, चांदपुर (बिजनौर)। वन विभाग के पिंजरे में फंसी गुलदार ने शावक को जन्म दिया है। शावक पूरी तरह स्वस्थ है और मां उसे दूध पिला रही है। विभागीय कर्मचारियों ने शावक का नाम बाबू रखा है। मां गुलदार को खाने के लिए चिकन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने पिंजरे को ढक दिया है।
खेतों में गुलदार दिखने की शिकायत पर वन विभाग ने गांव बरखाबाद खटाई में 14 फरवरी को पिंजरा लगाया था। पिंजरे में मुर्गे को बंद किया गया था। 15 फरवरी की रात पिंजरे में गुलदार फंस गई। उसे रेंज कार्यालय ले जाया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी दुष्यंत कुमार मावी ने गुलदार को बाहर भेजने के लिए विभागीय अधिकारियों से अनुमति मांगी थी।
कर्मचारियों ने रात को पिंजरे के पास जाकर देखा तो उसके अंदर गुलदार ने शावक को जन्म दिया था। शावक मां के पास ही था। वन विभाग की टीम ने गुलदार को चिकन खिलाया और शावक को ठंड से बचाने के लिए पिंजरे को ढका।
वनाधिकारी दुष्यंत कुमार मावी ने बताया कि गुलदार की आयु लगभग तीन वर्ष है। उसने संभवत: पहली बार शावक को जन्म दिया है। इसलिए एक ही शावक पैदा हुआ है अन्यथा तीन से चार शावक हो सकते थे। उन्होंने बताया कि गुलदार ने दो दिन में चार किलोग्राम से अधिक चिकन खाया है। वह पूरी तरह स्वस्थ है और अपने शावक को दूध भी पिला रही है।
Pages:
[1]