अमित शाह ने की राज्यों के सहकारिता मंत्रियों के साथ बैठक, एथनॉल संयंत्र समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/amit-shah-pti-1771359341174_m.webpअमित शाह ने की राज्यों के सहकारिता मंत्रियों के साथ बैठक (फाइल फोटो)
पीटीआई, अहमदाबाद। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सहकारिता ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श करने के लिए अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
एक बयान में कहा गया है कि बैठक में मौजूद मंत्रियों ने प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल, सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता लाने और सहकारी समितियों के जरिये किसानों की आय दोगुनी करने के बारे में विस्तार से चर्चा की। अमित शाह के पास गृह मंत्रालय भी है।
उन्होंने गुजरात में 265.30 करोड़ रुपये की अलग-अलग परियोजना का \“ई-डेडिकेशन\“ और शिलान्यास भी किया। उद्घाटन सत्र में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मौजूद थे।
बयान में कहा गया है कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के \“सहयोग से खुशहाली\“ के दृष्टिकोण को पूरा करने के मकसद से शाह की अध्यक्षता में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के साथ गांधीनगर के महात्मा मंदिर में एक उच्च स्तरीय मंथन बैठक हुई। इस दौरान शाह ने सहकारिता के क्षेत्र में अलग-अलग राज्यों की बेहतर कामकाज प्रथाओं और अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 पर एक विशेष रिपोर्ट भी जारी की।
अमित शाह ने जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें नर्मदा खंड उद्योग सहकारी मंडल के नए बने एथनाल डिस्टिलरी संयंत्र, 30 मेगावाट का बिजली उत्पादन संयंत्र, जैविक पोटाश संयंत्र, दो भंडार गृह, अमूल का व्हे प्रोटीन कंसन्ट्रेट पाउडर संयंत्र और एक कृषि उत्पाद बाजार समिति (एपीएमसी) शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान एक खास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी), अमूल, इफको और बनास डेरी जैसे लगभग 20 बड़े सहकारिता संगठनों ने अपनी ताजा सेवाओं और उत्पादों को प्रदर्शित किया।
Pages:
[1]