उत्तराखंड में यातायात जाम से मिलेगी निजात, CM धामी की पहल पर 11 नई पार्किंग सुविधाएं जल्द
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/jam_deh-1771382270139_m.webpआवास विभाग कर रहा विभिन्न पार्किंग प्रोजेक्ट पर तेजी से काम। जागरण
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आवास विभाग प्रदेश के बड़े शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों में यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पार्किंग सुविधाओं का तेजी से विकास कर रहा है। इसी क्रम में राज्य के 11 प्रमुख स्थानों पर जल्द ही नई पार्किंग सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं, जिनमें कुल 1082 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यभार संभालने के बाद आवास विभाग को विकास प्राधिकरणों के माध्यम से शहरों और पर्यटन क्षेत्रों में युद्धस्तर पर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न प्राधिकरणों से 195 स्थानों के लिए पार्किंग प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें सरफेस पार्किंग, मल्टी लेवल पार्किंग और टनल पार्किंग जैसे विकल्प शामिल हैं।
इन प्रस्तावों के आधार पर आवास विभाग अब तक 114 स्थानों की डीपीआर को मंजूरी दे चुका है और इनके लिए बजट भी जारी किया जा चुका है। पहले चरण में 54 स्थानों पर कुल 3244 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग सुविधा विकसित कर संचालन शुरू कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- देहरादून एयरपोर्ट पर होगी ओला और उबर की एंट्री, विरोध में उतरी यूनियन
अब दूसरे चरण में 11 स्थानों पर लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और विभाग का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष में इन परियोजनाओं को पूरा करने का है। इसके अलावा, विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्माण कर रहे हैं, जहां 359 वाहनों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
सचिव आवास ने दिए निर्देश
सचिव आवास डा. आर. राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को पार्किंग परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पहले सभी चिन्हित स्थलों पर पार्किंग सुविधाएं शुरू कर दी जाएं। साथ ही पार्किंग स्थलों पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उत्तराखंड में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से यात्रा कर रहे हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ना स्वाभाविक है। बीते चार वर्षों में विभिन्न स्थानों पर हजारों वाहनों के लिए पार्किंग सुविधाएं विकसित करने का काम किया जा रहा है, जिनमें से कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इन प्रयासों से यातायात जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
-
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
Pages:
[1]