Chikheang Publish time 2026-2-18 08:26:37

हिमाचल के चंबा में पति ने पत्नी को सुलाया मौत के नींद, फिर फंदे से लटककर कर ली खुदखुशी; क्या थी वजह?

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/LASH-1771383938532_m.webp

मैहला के लोथल गांव में पति ने पत्नी की हत्या कर पेड़ से लटककर दी जान। सांकेतिक तस्वीर



संवाद सहयोगी, मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत लोथल के लोथल गांव में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या करने के बाद घर के आंगन में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

सूचना मिलते ही गेहरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। लोथल निवासी सरवन कुमार पुत्र तनी राम ने मंगलवार देर रात अपनी पत्नी अंजू देवी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद सरवन कुमार ने घर के आंगन में लगे पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब सरवन कुमार के भाई का बेटा खच्चरों को घास डालने के लिए गोशाला गया। वहां उसने आंगन में पेड़ से लटका शव देखा और परिजनों को सूचना दी।

इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत गेहरा पुलिस चौकी को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे। सरवन कुमार के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि करीब 16 वर्षीय बेटा उस समय अपने रिश्तेदार के घर गया हुआ था, जिससे वह इस घटना से बाल-बाल बच गया।

पुलिस के अनुसार हत्या और आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है तथा पारिवारिक परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। गेहरा पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति ने घरेलू कारणों के चलते पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच जारी है। -विजय कुमार सकलानी,पुलिस अधीक्षक, चंबा
Pages: [1]
View full version: हिमाचल के चंबा में पति ने पत्नी को सुलाया मौत के नींद, फिर फंदे से लटककर कर ली खुदखुशी; क्या थी वजह?