बाहरी दिल्ली में घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, आपसी रंजिश होने का शक; दो बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Firing-(2)-1771310636965-1771393301045-1771393307917_m.webpबाहरी दिल्ली के आदर्श नगर में बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक शख्स के घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक देर रात बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने पीड़ित के घर के बाहर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित ने दो लोगों पर लगाया आरोप
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में दो लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जता रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपितों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते पुरानी दुश्मनी की एंगल से भी जांच की जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई गश्त
घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बदमाशों ने छात्र को घेरकर फोड़ा सिर, iPhone और सोने की चेन लूटकर फरार; मदद के लिए चिल्लाता युवक
Pages:
[1]