Chikheang Publish time 2026-2-18 12:56:29

बेटी को बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर होमगार्ड से 25 लाख ठगे, नोएडा के मां-बेटा व केरल निवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/fraud-job-1771400040122_m.webp



जागरण संवादाता, बिजनौर। बेटी की बैंक में कैशियर पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर होमगार्ड से 25 लाख रुपये ठग लिए गए। रकम मांगने पर आरोपितों ने होमगार्ड को धमकी दी।

पीड़ित ने कोतवाली देहात थाने में नोएडा के मां-बेटा और केरल के रहने वाले आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव पैहरूवाला निवासी देशराज सिंह होमगार्ड हैं। देशराज की कलक्ट्रेट में ड्यूटी चल रही है। होमगार्ड ने बताया कि उसकी नोएडा के सेक्टर -22 एचएच-209 निवासी कविता बोहरा और उसके पुत्र साहिल बोहरा से जान-पहचान थी।
करीब ढाई साल पहले यानि सितंबर 2023 में कविता और सहिल उसके पास आए। उन्होंने कहा कि उनकी केरल प्रदेश के जिला कोल्लम के पल्ली कोठी निवासी सोल्टर एलोसियस से अच्छे संबंध है। वह दिल्ली मंत्रालय में नौकरी करते हैं।

झांसा दिया कि सोल्टर एलोसियस सरकारी नौकरी लगवा देते हैं। आरोपितों ने देशराज की बेटी प्रियंका की पंजाब नेशनल बैंक में कैशियर पद पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। कहा कि इसके लिए 25 लाख रुपये देने होंगे। किस्तों में रकम ली जाएगी। वेंकेंसी सितंबर 2023 से अक्टूबर 2025 तक कभी भी निकल सकती है।

इसके बाद आरोपितों ने अपने खाते नंबर दिए। दो साल की दरम्यान में देशराज और प्रियंका ने अपने खातों से कविता, साहिल और सोल्टर के खातों में एक दर्जन से अधिक ट्रांजेक्शन किए। साथ ही ढाई लाख नगद दिए। इस दौरान कुल 25 लाख रुपये रकम आरोपितों के पास पहुंच गई। आज तक नौकरी नहीं लगवाई गई।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि यह रकम उसने अपनी नौकरी और खेती की आमदनी से दी है। कोतवाली देहात ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ नगीना अंजनी कुमार सिंह चतुर्वेदी ने बताया कि जांच की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: बेटी को बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर होमगार्ड से 25 लाख ठगे, नोएडा के मां-बेटा व केरल निवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज