LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

यमुनानगर में बड़ा हादसा, पिता की शराब छुड़ाने के लिए कराया था पूजन, सामग्री प्रवाहित करने गए दो सगे भाई नहर में डूबे

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Yamunanagar-news-(24)-1771408095333_m.webp

पिता की शराब छुड़ाने के पूजन के बाद नहर में डूबे दो भाई, यमुनानगर में हादसा।



जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पिता की शराब छुड़ाने के लिए कराए गए पूजन की सामग्री प्रवाहित करने आए दो सगे भाई बूड़िया स्थित पश्चिमी यमुना नहर में डूब गए। उनकी बाइक बुधवार की सुबह नहर किनारे खड़ी मिली।

जिसके बाद से ही उनके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की टीमें गोताखोरों के साथ सर्चिंग कर रही हैं लेकिन अभी तक दोनों भाईयों का कोई पता नहीं लगा है। उनकी पहचान गांव भगवानगढ़ निवासी 24 वर्षीय उदय व 19 वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन मोबाइल का कार्य करता है। जबकि उदय दिहाड़ी करता है। दोनों अविवाहित हैं। उनके पिता विनोद कुमार शराब के आदी हैं। इसके लिए किसी ने उनकी मां को बताया कि वह घर में पूजा पाठ करा लें। इसके लिए मंगलवार को उन्होंने पूजा पाठ कराया गया। मंगलवार की शाम को वह पूजन सामग्री नहर में प्रवाहित करने के लिए आए थे। दोनों भाई बाइक से आए।

इसके बाद वह घर नहीं लौटे। रात भर उनके परिवार के लोग तलाश करते रहे लेकिन कोई संपर्क नहीं हुआ। बुधवार की सुबह उनकी बाइक नहर के किनारे मिली। जिसके बाद से ही उनके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि वह पूजन सामग्री प्रवाहित करते समय फिसल गए होंगे। नहर में गहराई अधिक है। जिससे वह बाहर नहीं निकल सके।
पक्की हो चुकी पश्चिमी यमुना नहर

पश्चिमी यमुना नहर अब पक्की हो चुकी है। पहले कच्ची होने पर पूजन या नहाने वालों के लिए नहर के किनारे जगह रहती थी। जिससे वह आसानी से चले जाते थे लेकिन अब नहर पक्की होने पर न तो इसके अंदर जाने और न ही बाहर निकलने के लिए कोई रास्ता है।

यदि कोई गलती से नहर में गिर जाए तो उसके बाहर निकलने की संभावना कम रहती है। अन्य लोग ही उसे रस्सी के माध्यम से निकाल सकते हैं। बूड़िया थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि दोनों युवकों के नहर में डूबने की आशंका है। उनकी सर्चिंग कराई जा रही है। बाइक बरामद हो गई है।
Pages: [1]
View full version: यमुनानगर में बड़ा हादसा, पिता की शराब छुड़ाने के लिए कराया था पूजन, सामग्री प्रवाहित करने गए दो सगे भाई नहर में डूबे