Chikheang Publish time 2026-2-18 16:26:27

हिमाचल में बोर्ड पेंशनरों को वेतन से पहले मिलेगी पेंशन, अध्यक्ष बोले- सरकार और विभाग के पास 85 करोड़ लंबित

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/HP-Board-Pensioners-1771412368016_m.webp

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पेंशनर सम्मान समारोह के दौरान। जागरण



जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए सम्मान और संवेदना दिखा नई पहल की है। समारोह में बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने न केवल पेंशनर्स के लंबे संघर्ष और योगदान को सराहा, बल्कि एक ऐसी घोषणा की जिसने हाल में मौजूद हर शख्स को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।

डा. राजेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि बोर्ड में अब सबसे पहले पेंशनर्स को पेंशन दी जाएगी, भले ही वर्तमान कर्मचारियों की सैलरी उसके बाद जारी हो।

समारोह के दौरान बोर्ड अध्यक्ष ने भावुक होते हुए कहा कि बोर्ड की आज जो भी उपलब्धियां हैं, वे इन \“समर्पित हाथों\“ के अथक परिश्रम और ईमानदारी की नींव पर खड़ी हैं। उन्होंने पेंशनर्स को बोर्ड का \“जीवित इतिहास\“ करार देते हुए कहा कि बोर्ड अपने गुरुओं और पूर्व सहयोगियों के ऋण से कभी मुक्त नहीं हो सकता। यह आयोजन महज एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उन बुजुर्गों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है जिन्होंने शिक्षा की नींव मजबूत की।
85 करोड़ सरकार व विभाग के पास लंबित

उन्होंने कहा कि 85 करोड़ सरकार व शिक्षा विभाग से लेने को हैं, जो जल्द मिल जाने पर वित्तीय संकट से उभर सकेंगे। 100 करोड़ इकट्ठा आने पर पेंशन सरप्लस में डाल दिया जाएगा। इसमें पूर्व कर्मचारी सरकार से भी 200 करोड़ की मांग रख सकते हैं, जिसे पेंशन फंड में डाल दिया जाएगा।
तकनीक से थमेगा फाइलों का चक्कर

पेंशनर्स को अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों की धूल न फांकनी पड़े, इसके लिए बोर्ड अब हाई-टेक होने जा रहा है। डॉ. शर्मा ने बताया कि एक ऐसी डिजिटल प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे पेंशनर्स घर बैठे अपनी शिकायतों और फाइल की स्थिति जान सकेंगे। पेंशन, मेडिकल बिल और अन्य प्रशासनिक कार्यों के निपटारे के लिए एक समयबद्ध और पारदर्शी सिस्टम बनाया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों को अनावश्यक विलंब और असुविधा का सामना न करना पड़े।
संवाद का सिलसिला रहेगा जारी

सिर्फ एक बार का सम्मान नहीं, बल्कि अब पेंशनर्स और बोर्ड प्रबंधन के बीच सीधा संवाद नियमित रूप से होगा। अध्यक्ष ने सभी पूर्व कर्मियों को खुला निमंत्रण दिया कि वे अपने सुझाव और अनुभव बोर्ड के साथ साझा करें, ताकि वर्तमान व्यवस्था को अधिक मानवीय और उत्तरदायी बनाया जा सके। पेंशनर्ज संघ की ओर से 2016 के बाद एरियर देय है, उसे जल्द जारी कर दिया जाएगा। मेडिकल बिलों की जल्द अदायगी जारी रहेगी, डीए 35 लाख के करीब जारी कर दिया गया है। समारोह के अंत में प्रदेश भर से आए पेंशनर्स को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में शिक्षा बोर्ड कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष व हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश संगठन सचिव मनोहर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में IAS अफसर पत्नी के बाद पति भी बने DC, मसूरी में हुई मुलाकात बदली प्यार में तो बदल लिया कैडर
Pages: [1]
View full version: हिमाचल में बोर्ड पेंशनरों को वेतन से पहले मिलेगी पेंशन, अध्यक्ष बोले- सरकार और विभाग के पास 85 करोड़ लंबित