बठिंडा में कई किसानों को किया गया हाउस अरेस्ट: प्रोटेस्ट से पहले पुलिस का एक्शन,बैरिकेड लगाकर रास्ते किए बंद
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Protest-(1)-1771414711509_m.webpबठिंडा प्रदर्शन रोकने को पुलिस ने किसानों के घर छापे मारे
संवाद सूत्र, मुक्तसर। बठिंडा के डीसी दफ्तर में किसानों के प्रदर्शन को असफल बनाने के लिए पुलिस ने सुबह से ही उनके घरों में छापेमारी की। इसके साथ ही बठिंडा-मलोट और बठिंडा-मुक्तसर रोड पर बेरिकेड लगाकर भारी पुलिस बल तैनात किया, ताकि किसानों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। गिद्दड़बाहा से संबंधित कुछ किसानों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट भी करके रखा।
इस दौरान गांव कोटली में भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) के नेता हरबंस सिंह कोटली की अगुवाई में किसानों ने गांव में रोष मार्च किया। मार्च के बाद जब किसान बठिंडा धरने में शामिल होने के लिए रवाना होने लगे, तो मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के विरोध में किसानों ने गांव में ही सरकार का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेताओं ने कहा कि पुलिस अब गांवों में आकर किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, जो बिल्कुल निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि किसान इस तरह के दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं और अपने हकों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। किसानों ने सरकार की इस कार्रवाई की सख्त निंदा करते हुए चेतावनी दी कि अगर किसानों को प्रदर्शन करने से रोका गया, तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर बिट्टू मल्लन, गुरभगत सिंह भलाईआना समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे
Pages:
[1]