cy520520 Publish time 2026-2-18 17:26:30

मेरठ में किसने चढ़त में घुसकर बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा? तीन गंभीर घायल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/18_12_2023-baarat_jagran_23607712_m-1771416678774_m.webp

मेरठ में किसने चढ़त में घुसकर बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा? तीन गंभीर घायल



जागरण संवाददाता, मेरठ। रोहटा रोड पर एक चढ़त में बाहरी युवक घुस गए। डांस कर रही महिलाओं व लोगों के बीच पहुंचकर डांस करने लगे। बरातियों के दूल्हे पर लगाए जा रहे रुपये छीनने लगे। बरातियों ने विरोध किया तो आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। इसमें तीन बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपितों के खिलाफ थाना टीपीनगर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

कंकरखेड़ा के कृष्ण कालोनी निवासी बिजेन्द्र कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी रोहटा रोड पर एक मंडप में हो रही थी। शाम के समय चढ़त हो रही थी। इसी दौरान चार पांच अज्ञात युवक आए और चढ़त में डांस करती महिलाओं व युवकों के बीच पहुंचकर डांस करने लगे।

दूल्हे पर जो लोग रुपये लगा रहे थे, उन्हें छीनना शुरू कर दिया। इसका बरातियों व महिलाओं ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर आरोपितों ने बरातियों से मारपीट शुरू कर दी। उन्हें लाठी डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर मचाने पर जब लड़की पक्ष के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार हो गए।

सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली। इससे आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मारपीट में हिमांशु, अवम व अंशु को गंभीर चोट आई है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना टीपीनगर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

इसी थाने में दर्ज कराई एक रिपोर्ट में मनोज सिंह ने बताया कि वह देवतापुरम देवलोक कालोनी का रहने वाला है। पड़ोसी उमेश, आशीष व लकी आए दिन उससे झगड़ा करते हैं। उन्होंने उसकी खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। इसमें उसे गंभीर चोट आई। थाना टीपीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Pages: [1]
View full version: मेरठ में किसने चढ़त में घुसकर बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा? तीन गंभीर घायल