deltin33 Publish time 2026-2-18 19:56:36

बोर्ड परीक्षा के तनाव के कारण हापुड़ निवासी छात्रा ने मेरठ आकर गंगनहर में लगाई छलांग

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/pac-A-1771424904432_m.webp

नानू पुल के पास गंगनहर में छात्रा की तलाश करते पीएसी के गोताखोर। जागरण



संवाद सूत्र, सरधना (मेरठ)। बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले मंगलवार को एक छात्रा द्वारा नहर में कूदने की घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। लेकिन, बुधवार देर शाम तक भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका।

https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/18/template/image/r6-1771425272191.jpg

हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय ऋतु तोमर इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसके भाई मोहित ने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सहपाठी से नोट्स लेकर आने की बात कहकर घर से निकली थी।
काफी देर तक वापस न लौटने पर स्वजन चिंतित होने लगे। इसी बीच सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर ऋतु का फोन आया। जिसमें उसने स्वयं के मेरठ में होने की जानकारी दी।

बातचीत के दौरान ऋतु ने इंटर की परीक्षा को लेकर सिर में दर्द होने की बात कही। इस पर मोहित ने उसे घर लौट आने को कहा। बताते हैं कि इसके बाद ऋतु मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित नानू गंगनहर पुल पर पहुंची और वहां से नहर के गहरे पानी में छलांग लगा दी। पुल के आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा की पहचान कराने का प्रयास किया।

इसी दौरान जानकारी मिली कि छात्रा ने घटना से पहले नहर किनारे चाय की दुकान चलाने वाली महिला के फोन से अपने भाई मोहित को काल की थी। इसके बाद पुलिस ने मोहित से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। जिस पर स्वजन मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने पहले स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई गई। बाद में पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाकर सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन, बुधवार शाम तक भी छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका था।

मोहित ने बताया कि ऋतु पढ़ाई में अच्छी थी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा की तलाश को अभियान जारी है और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: बोर्ड परीक्षा के तनाव के कारण हापुड़ निवासी छात्रा ने मेरठ आकर गंगनहर में लगाई छलांग