पंजाब के कपूरथला में रिश्वतखोर अफसर गिरफ्तार: केस खारिज करने के लिए मजदूर से मांगे ₹10000, विजिलेंस ने ऐसे दबोचा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Arrest-1771428525817_m.webpनायब कोर्ट अफसर राजिंदर सिंह रिश्वत लेते गिरफ्तार (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, कपूरथला। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम ने कपूरथला की सब-डिविजनल मैजिस्ट्रेट (एसडीएम) की अदालत में तैनात नायब कोर्ट अफसर राजिंदर सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक मजदूर से उसका केस खारिज करने के बदले पैसे मांगे थे।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई नकोदर (जालंधर) के रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई। पेशे से मजदूर शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे और उसके दोस्त जोबन को पुलिस ने बीएनएस की धारा 128 के तहत गिरफ्तार किया और एसडीएम कपूरथला की अदालत में पेश किया गया।
शिकायतकर्ता को जमानत मिलने के बाद मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी, 2026 तय की गई। आरोप है कि कोर्ट में तैनात नायब कोर्ट अफसर राजिंदर सिंह शिकायतकर्ता को रिश्वत के लिए बार-बार परेशान कर रहा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने इसकी रिकॉर्डिंग विजिलेंस विभाग को सौंपी, जिसके बाद टीम ने बुधवार की बाद दोपहर बाद ट्रैप लगाकर नायब कोर्ट अफसर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। एसडीएम कपूरथला डॉ. इरविन कौर ने बताया कि वह आज कार्यालय में मौजूद नहीं थीं, लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि विजिलेंस द्वारा कोई कार्रवाई की गई है।
Pages:
[1]