deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

सीबीएसई 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा: प्रश्नपत्र फीडबैक और प्रायोगिक परीक्षाओं पर नए सख्त निर्देश

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/CBSE-(1)-1771451480442_m.webp

बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सीबीएसई ने स्कूलों के लिए जारी किए सख्त निर्देश।



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी है। मंगलवार से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही सीबीएसई ने स्कूलों के लिए सख्त लेकिन जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार बोर्ड चाहता है कि प्रश्नपत्र पर कोई भी आपत्ति हो तो वह तुरंत और स्पष्ट तरीके से दर्ज की जाए।

सीबीएसई अधिकारियों ने कहा कि प्रश्न पत्र को लेकर अवलोकन केवल ओईसीएमएस पोर्टल पर ही अपलोड किए जाएं। कई स्कूल अलग-अलग ईमेल आईडी पर शिकायत भेज देते हैं, कुछ देर से भेजते हैं और कई बार सिर्फ इतना लिख देते हैं कि प्रश्न गलत है, लेकिन क्या गलती है यह स्पष्ट नहीं करते। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि परीक्षा वाले दिन ही स्पष्ट विवरण के साथ अवलोकन भेजें, वरना उस पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।

इसके साथ ही प्राइवेट कैंडिडेट (निजी विद्यार्थियों) को लेकर भी बोर्ड ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के प्रायोगिक अंक उपलब्ध नहीं हैं या जिन्होंने रिपीट के तौर पर आवेदन किया है, उनकी प्रायोगिक परीक्षाएं 23 फरवरी से 17 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। परीक्षा उसी केंद्र पर होगी, जहां उनकी लिखित परीक्षा तय है।

बाहरी परीक्षक की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालय करेगा, जबकि आंतरिक परीक्षक स्कूल की ओर से लगाए जाएंगे। बोर्ड ने कहा कि प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक उसी दिन बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने स्कूलों और क्षेत्रीय कार्यालयों से समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस के SHO ने सीपीआर देकर बचाई कार चालक की जान, पार्लियामेंट हाउस के पास हुआ हादसा
Pages: [1]
View full version: सीबीएसई 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा: प्रश्नपत्र फीडबैक और प्रायोगिक परीक्षाओं पर नए सख्त निर्देश