अलीगढ़ में अगले 6 माह में शहर से बाहर होंगी सभी डेयरी, 50 एकड़ में बसेगी कैटल कॉलोनी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/download-1771449807510_m.webpप्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहर की घनी आबादी से डेयरी को बाहर शिफ्ट करने की कवायद अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। ऐसे में नगर निगम ने भी नगरीय सीमा में संचालित डेयरी के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। अगले छह माह में सभी डेयरी को गुरसिकरन में प्रस्तावित कैटल कॉलोनी में स्थानांतरित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
इस दिशा में कार्रवाई तेज करते हुए निगम ने अब तक करीब 210 डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर दिए हैं, जबकि कुल 315 डेयरी संचालक शिफ्टिंग के दायरे में चिन्हित किए गए हैं।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ सेंट्रल डेरी फार्म गुरसिरकन क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से भी प्रस्तावित योजना को लेकर संवाद किया गया। लोगों ने जनहित में इस पहल का समर्थन किया।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि शहर के रिहायशी इलाकों में संचालित डेयरी के कारण स्वच्छता व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नालियों में गोबर बहने, दुर्गंध फैलने व पशुओं के आवागमन से यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी आवारा व डेयरी पशु बन रहे हैं। ऐसे में अब एडीए के साथ मिलकर कैटल कॉलोनी की बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
नगर आयुक्त ने बताया कि डेयरी संचालकों को कैटल कॉलोनी में बसाने के लिए रियायती दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि वे स्वेच्छा से स्थानांतरण के लिए आगे आएं। प्रस्तावित कॉलोनी में पशुओं के लिए शेड, पेयजल, चारा भंडारण, अपशिष्ट प्रबंधन व पशु चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर को लीगेसी वेस्ट व सड़क किनारे कचरे से काफी हद तक मुक्त किया जा चुका है। अब डेयरी के शिफ्ट होने से गंदगी, दुर्गंध व प्रदूषण की समस्या में और कमी आएगी। इससे स्वच्छता रैंकिंग सुधारने में भी मदद मिलेगी। डीएम संजीव रंजन ने भी परियोजना को जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि भूमि उपयोग परिवर्तन समेत सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी कराई जाएंगी।
विभागीय समन्वय से योजना को समयबद्ध लागू किया जाएगा। मेयर प्रशांत सिंघल ने इसे शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। कुल 50 एकड़ में कैटल कॉलोनी प्रस्तावित है।
Pages:
[1]