Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

मांझी Railway Track पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका से गहराया रहस्य

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/hadsa-1771481127838_m.webp

पुलिस जांच करने को पहुंची



जागरण संवाददाता, छपरा(सारण)। मांझी रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिले युवक की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के कचनार गंगपुर निवासी 36 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह ललन शर्मा के पुत्र थे और एक वेटनरी दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन मांझी थाना पहुंचे और कपड़े व जूते के आधार पर शव की पहचान की। शव की स्थिति देख परिजनों में कोहराम मच गया।
मोबाइल कॉल से खुला मामला, महिला पुलिसकर्मी ने उठाया फोन

परिजनों के अनुसार बुधवार रात मुकेश के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई। फोन थाने में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने रिसीव किया। पुलिस ने बताया कि ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो गई है।


इसके बाद परिवार के लोग तुरंत मांझी थाना पहुंचे। उन्हें बताया गया कि पुराने मांझी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर शव मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और रिश्तेदारी में शोक की लहर दौड़ गई।
शिक्षिका पत्नी और सात साल का बेटा, घर में पसरा मातम

मुकेश की शादी छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के गुदरी लोहारपट्टी निवासी नीलम कुमारी से हुई थी। नीलम दाउदपुर थाना क्षेत्र के कुमना स्थित एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।


दंपती अपने सात वर्षीय पुत्र के साथ रामकृष्ण पुरी मोहल्ले में किराए के मकान में रहते थे। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। रिश्तेदार और पड़ोसी सांत्वना देने घर पहुंच रहे हैं। मासूम बेटे की हालत देख परिजन भावुक हो उठे।
40 हजार ट्रांसफर के बाद आखिरी बातचीत

पत्नी नीलम के अनुसार घर में अष्टयाम का धार्मिक आयोजन प्रस्तावित था। आयोजन के लिए पैसों की जरूरत होने पर बुधवार रात उनके खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
कुछ देर बाद मुकेश ने फोन कर पैसे मिलने की पुष्टि की।


उन्होंने बताया था कि वह बसंतपुर मलमलिया में हैं और देर से घर लौटेंगे। परिजनों का सवाल है कि जब वह बसंतपुर में थे तो शव मांझी में कैसे मिला। इसी बिंदु ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।
हत्या की आशंका, साजिश की चर्चा तेज

स्वजन इस घटना को महज दुर्घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर रखा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


परिजन नीलम कुमारी को पूरी सच्चाई बताने से बचते रहे। उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सूचना देकर संभालने का प्रयास किया गया। हालांकि नीलम अपने पति को देखने की जिद पर अड़ी रहीं।

️ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि मामला हादसा है या साजिश।
Pages: [1]
View full version: मांझी Railway Track पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका से गहराया रहस्य