एक करोड़ की नगदी भेज रहे हैं... बदले में आभूषण खरीदने हैं, बस; इस डील पर ज्वेलर को लगा दी बड़ी चपत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/18SKT_M_140-R-1771488609295_m.webpरघुनाथ ज्वेलर्स पर ठगी के बाद जमा व्यापारी। जागरण
जागरण संवाददाता, मेरठ। आबूलेन के आबू प्लाजा में रघुनंदन ज्वेलर्स पर एक करोड़ की एंट्री के नाम पर एक करोड़ के आभूषण ठग लिए गए। वारदात को अंजाम देकर ठग आराम से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठग की तलाश कर रही है। रघुनंदन ज्वेलर्स के मालिक को एक करोड़ नगद देकर भगवान बुक डिपो के मालिक अपने बैंक खाते में रकम ले रहे थे। यह नगदी शोरूम के अंदर मशीन से गिनी जा रही थी। इसी बीच युवक आया और एक करोड़ के आभूषण लेकर निकल गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की साकेत कालोनी निवासी तन्मय अग्रवाल का आबू प्लाजा में रघुनंदन ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे तन्मय के मोबाइल पर दिल्ली के करोल बाग स्थित कृष्णा ज्वेलर्स के मालिक कृष्णा की काल आई। आठ साल पहले कृष्णा ज्वेलर्स से सामान की खरीदारी होती थी। कृष्णा ने तन्मय को कहा कि वह एक करोड़ की नगदी भेज रहे हैं, उसके बदले में एक करोड़ के आभूषण खरीदने हैं। उसने बताया कि अपना आदमी भेज रहा हूं। दोपहर 1:20 बजे एक युवक रघुनंदन ज्वेलर्स पर पहुंचा और खुद को दिल्ली से आना बताया।
तन्मय ने कर्मचारी गौरव निवासी मानसरोवर को आभूषण दिखाने के लिए कहा। उसने 99 लाख 85 हजार के आभूषण निकलवा लिए। इसके बाद युवक ने कहा कि वह बाजार में घूमकर आ रहा है, इसके बाद आभूषण ले जाएगा। उधर, रुड़की रोड स्थित भगवान डिपो के स्वामी प्रवीण शर्मा निवासी शांति निकेतन सोसायटी रुड़की रोड और दवा कारोबारी पुष्पेंद्र चौधरी निवासी दबथुवा के पास सिलीगुड़ी निवासी कृष्णा की काल आई।
कृष्णा ने बताया कि एक करोड़ कच्ची रकम को पक्के में बदल सकते हैं। वह एक करोड़ की नगदी को पक्के में बदलने के लिए तैयार हो गए। उन्हें बताया गया कि रघुनंदन ज्वेलर्स के मालिक तन्मय से रकम का आदान-प्रदान कर सकते हैं। शाम करीब चार बजे प्रवीण और पुष्पेंद्र अपने साथी राजवीर और पंकज निवासी अंबे एन्कलेव दिल्ली के साथ दो बैग में एक करोड़ की रकम लेकर रघुनंदन ज्वेलर्स पर पहुंचे। इन लोगों ने तन्मय को बताया कि कृष्णा ने रकम लेकर भेजा है। नगदी लेकर उनके बताए खाते में रकम ट्रांसफर की जानी है।
तन्मय उक्त रकम को शोरूम के अंदर पुष्पेंद्र और प्रवीण के सामने मशीन से गिनती कर रहे थे। पांच बजे पहले वाला युवक शोरूम पर पहुंचा और 15 मिनट बाद आभूषण लेकर निकल गया। गिनती पूरी होने पर पुष्पेंद्र ने दी गई नगदी की रकम खाते में भेजने को कहा। तब तन्मय ने कहा कि उक्त रकम के आभूषण लेकर तो युवक चला गया है। ठगी का अहसास होने पर पुलिस को जानकारी दी गई। उधर, सिलीगुड़ी और दिल्ली के करोल बाग निवासी कृष्णा के मोबाइल बंद जा रहे हैं।
ठगी किसके साथ हुई... यह तय नहीं
मेरठ : देर रात तक भी पुलिस और व्यापारियों के दोनों गुट तय नहीं कर पाए कि ठगी किसके साथ हुई। प्रवीण शर्मा और पुष्पेंद्र चौधरी का कहना है कि एक करोड़ की रकम तन्मय अग्रवाल को हमारी तरफ से दी गई है। वह किसी अन्य को आभूषण कैसे दे सकता है, जबकि तय हुआ था कि नकदी लेकर खाते में रकम वापस कर दी जाएगी। उधर, तन्मय अग्रवाल का कहना है कि कृष्णा ज्वेलर्स से काल आई थी कि वह नकदी भेज रहे है। ऐसे में नकदी देने वालों को वह जानते तक नहीं थे।
कृष्णा के बताए अनुसार ही एक करोड़ की नकदी के बदले में आभूषण दे दिए। कृष्णा ने यह भी कहा था कि वह बाद में नकदी उठवाकर खाते में रकम ट्रांसफर कर देंगे। तब भी बिल बनवाया जाएगा। ठगी के बाद प्रवीण शर्मा पक्ष अपनी नकदी मांग रहा था, जबकि तन्मय अग्रवाल ने देने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि नकदी के बदले में आभूषण बिक चुके हैं। अभी तक यह तय नहीं हो पाया कि ठगी किसके साथ हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
आयकर विभाग भी करेगा जांच : प्रवीण शर्मा और पुष्पेंद्र चौधरी पर एक करोड़ की नगदी कहां से आई। साथ ही तन्मय अग्रवाल ने नगदी लेकर एक करोड़ के आभूषण कैसे बेच दिए। दोनों ही व्यापारी आयकर विभाग की चपेट में आ गए है। माना जा रहा है कि पुलिस ने आयकर विभाग से भी रिपोर्ट मांगी है। एक करोड़ की ठगी में दोनों ही व्यापारी फंसते नजर आ रहे है।
एक बजे आबूलेन बाजार में पहुंच गया था ठग
एक बजे ठग आबूलेन बाजार में पहुंच गया था, जो आभूषण लेकर 5:20 बजे गया है। कुछ ही देर में उसने आभूषण निकलवाकर बिल बनवा लिया था। इसके बाद आबूलेन बाजार में घूमने चला गया। तब तक कोई ठग से वाकिफ नहीं था। दुस्साहस देखिए, आरोपित शोरूम के अंदर 39 कर्मचारियों के सामने से एक करोड़ के आभूषण लेकर फरार हो गया। कोई कर्मचारी उसे पहचान नहीं सका। युवक शोरूम में घुसते ही पहली सीट पर बैठा था। कर्मचारी गौरव उसे आभूषण दिखा रहा था।
प्रवीण व तन्मय से एक युवक कृष्णा बनकर बात कर रहा था पुलिस की जांच में देर रात तक सामने आया कि प्रवीण शर्मा और तन्मय अग्रवाल से ही एक युवक कृष्णा बनकर बात कर रहा था। ठगी के बाद उक्त मोबाइल बंद हो गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि ठगी की काल बाहर से आई थी। फिलहाल पुलिस आभूषण लेकर गए आरोपित का सीसीटीवी से पीछा कर रही है। आरोपित दोपहर से ही शहर में घूम रहा था। वह आबूलेन के कई सीसीटीवी में कैद हो गया है।
तीन टीमें लगाकर की जा रही ठगों की तलाश
रघुनंदन ज्वेलर्स से एक करोड़ के आभूषण ठगी के मामले में पुलिस की तीन टीमें लगाकर ठगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस आरोपितों तक पहुंच जाएगी। अविनाश पांडेय, एसएसपी
Pages:
[1]