Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति से ठगे 1.86 लाख, मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/cyber-crime-3-R-1771489087209_m.webp

(प्रतीकात्मक फोटो)



जागरण संवाददाता, मेरठ। उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने उनके व पत्नी के खाते से 1.86 लाख रुपये निकाल लिए। जब तक उन्हें ठगी का अहसास हुआ, तब तक राशि अन्य खातों में ट्रांसफर की जा चुकी थी।

कंकरखेड़ा के माडल टाउन निवासी सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विजय कुमार वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 19 जनवरी को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल इलाहाबाद को एक पार्सल भेजा था। 15 फरवरी को उन्हें एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि उनका पार्सल होल्ड पर है और इसे अपडेट करने के लिए जानकारी चाहिए। फोन करने वाले ने पता अपडेट करने के नाम पर उन्हें दो घंटे तक उलझाए रखा और इसी दौरान ओटीपी लेकर उनका मोबाइल हैक कर लिया।

ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत मोबाइल से सिम निकाल दिया। कुछ देर बाद सिम मोबाइल में डालकर खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उनकी पत्नी के खाते से 97 हजार और उनके खाते से 89 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। रकम को साइबर ठगों ने अन्य खातों व पेटीएम में ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने तुरंत अपने बेटे रविकांत वर्मा को मामले की जानकारी दी और साथ ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें राशि ट्रांसफर की गई है।
Pages: [1]
View full version: हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति से ठगे 1.86 लाख, मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम