Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

बिजली निगम पर कुंडली नपा का 20 करोड़ बकाया, वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई की तैयारी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Jagran-News-(532)-1771500953430_m.webp

बिजली निगम पर कुंडली नपा का 20 करोड़ बकाया। जागरण



सतीश शर्मा, राई (सोनीपत)। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए जूझ रही कुंडली नगर पालिका की वित्तीय हालत ठीक नहीं है। पालिका की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए तय किया गया 42.60 करोड़ का आय का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल दिख रहा है।

इस राशि में से 20 करोड़ रुपये उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम पर बकाया हैं। कई बार पत्राचार के बाद अब वसूली के लिए पालिका अधिकारी कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। पिछले साल भी यह बकाया न आने के कारण नपा का वसूली का टारगेट पूरा नहीं हो पाया था।

वर्ष 2018 में कुंडली नगर पालिका के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, वर्ष 2022 में पहले चुनाव में शिमला देवी चेयरपर्सन बनीं। 15 वार्डों में बंटी कुंडली नगर पालिका के निवासी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। क्षेत्र के विकास के लिए भारी धनराशि की जरूरत पालिका अन्य साधनों के साथ विभिन्न टैक्सों की वसूली पर निर्भर है। इनमें मुख्यतः प्रापर्टी और म्युनिसिपल टैक्स शामिल हैं। पालिका द्वारा वसूले जाने वाले म्युनिसिपल टैक्स का मुख्य स्रोत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम है।

कुंडली नगर पालिका की स्थापना के समय से लेकर आज तक पालिका के अधिकारी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम से पूरा टैक्स वसूल नहीं कर पाए हैं। निगम और पालिका का आपस में बिजली बिल और टैक्स की वसूली को लेकर पत्राचार चलता रहता है।

पालिका अधिकारियों का कहना है कि बिजली निगम पर उनका लगभग 20 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। कुंडली नगर पालिका क्षेत्र में 19 हजार से अधिक बिजली मीटर लगे हुए हैं।

पालिका के म्युनिसिपल टैक्स का दूसरा मुख्य स्रोत एचएसआइआइडीसी है। कुंडली नगर पालिका का कार्यालय एचएसआइआइडीसी के एक पुराने और छोटे से भवन से चल रहा है। इन दोनों विभागों में एक-दूसरे से अपना किराया और टैक्स वसूली को लेकर चिट्ठी-पत्री चलती रहती है। पालिका अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में एचएसआइआइडीसी पर 13 लाख रुपयों का टैक्स बकाया है।

विभिन्न प्रकार के टैक्स की वसूली के मामलों में कुंडली नगर पालिका इस वर्ष के लक्ष्यों की प्राप्ति के नजदीक है। चालू वित्त वर्ष में संपत्ति कर वसूली का ढाई करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, इसमें से पौने करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। मार्च के अंत तक यह लक्ष्य हासिल हो जाएगा।

विज्ञापन मद में 30 लाख रुपये राजस्व मिलने का लक्ष्य था, इसमें अब तक 35 लाख रुपया जमा हो चुका है। इस मद में अगले वर्ष का लक्ष्य 40 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। विकास शुल्क वसूली का लक्ष्य 70 लाख रुपये था, जिसमें एक करोड़ रुपये जमा हुआ है। इस मद में आने वाले वित्त वर्ष का लक्ष्य एक करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।


उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम पर लगभग 20 करोड़ की राशि बकाया है। इस राशि की वसूली के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्र भेजा जा चुका है। इसके अलावा जिला उपायुक्त को भी पत्र भेजा गया है। बिजली निगम से बकाया की वसूली के लिए कानूनी परामर्श लिया जा रहा है। बकाया नहीं जमा कराने पर बिजली निगम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - पवित्र गुलिया, सचिव, कुंडली नगर पालिका

कुंडली नगर पालिका को म्युनिसिपल टैक्स की अदायगी और उनसे बिजली बिलों की राशि वसूले जाने के संबंध में आंकड़े प्रति वर्ष हमारे उच्चाधिकारियों को भेजे जाते हैं। राशि की अदायगी संबंधी निर्णय उच्च स्तर पर ही होते हैं। इस वर्ष की स्टेटमेंट भी वर्ष के अंत में उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा। कुंडली नगर पालिका इलाके में इस वर्ष म्युनिसिपल टैक्स की नवंबर तक की नौ करोड़ रुपयों की राशि बकाया है। - दलजीत वर्मा, एसडीओ, ओपी सब-डिवीजन, यूएचबीवीएन, कुंडली

पिछले वर्षों में आय एवं वसूली का आंकड़ा

पिछले वर्षों में आय व वसूली का आंकड़ा (करोड़ रुपये में)


    वर्ष लक्ष्य वसूली


   2025-2026
   39.91 करोड़
   19.90 करोड़


   2024-2025
   28.52 करोड़
   45 करोड़


Pages: [1]
View full version: बिजली निगम पर कुंडली नपा का 20 करोड़ बकाया, वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई की तैयारी