Chikheang Publish time 2026-2-19 19:57:36

यूपी एटीएस ने पंजाब से पकड़ा 30 वर्ष से फरार आतंकवादी, गौतमबुद्ध नगर में दर्ज है केस

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/KCF-Terrorsit-Dainik-Jagran--1771511375191_m.webp

सुखविंदर सिंह ढिल्लो उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा



राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 30 वर्षों से फरार चल रहे खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के आतंकवादी को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आतंकी की पहचान सुखविंदर सिंह ढिल्लो उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा पुत्र बंता सिंह, निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है।

एटीएस के प्रवक्ता ने बताया कि आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए केसीएफ को प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित किया गया है। आरोपित के विरुद्ध गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-20 थाने में 18 अप्रैल 1993 को एके-56 रायफल व 121 जिंदा कारतूस के साथ पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वह पंजाब से भागकर गौतमबुद्ध नगर में ठिकाना बनाकर रह रहा था।

इस मामले में उसे नौ दिसंबर 1993 को अदालत से जमानत मिल गई थी। जमानत के दो वर्षों बाद 16 अगस्त 1995 से वह फरार चल रहा था। अदालत ने उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था।

गौतमबुद्ध नगर से फरार होने के बाद वह कपूरथला जिले के स्थायी निवास पर रहने की बजाय मोहाली के खरड़ क्षेत्र में 30 वर्षों छिप कर रह रहा था। एटीएस की टीम ने उसे बुधवार को गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर गौतमबुद्ध नगर, पंजाब के कपूरथला, जालंधर व फगवाड़ा में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
Pages: [1]
View full version: यूपी एटीएस ने पंजाब से पकड़ा 30 वर्ष से फरार आतंकवादी, गौतमबुद्ध नगर में दर्ज है केस