deltin33 Publish time 2026-2-19 19:57:41

मधुबनी में बच्चा चोर समझकर पीटे गए बदमाश निकले अंतर्राज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह के सदस्य

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/muz-crime-1771511625829_m.webp

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।



जागरण संवाददाता, मधुबनी । बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बसैठा में जिसे सभी बच्चा चोर समझ पीट रहे थे, वह अंतर्राज्यीय ज्वेलरी दुकानों को लूटने वाले गिरोह के बदमाश निकले।

अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार के दोपहर गस्ती के क्रम में बेनीपट्टी थाना को सूचना मिली कि बसैठा में स्थानीय लोग कुछ लोगों को बच्चा चोर कह मारपीट रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कुछ व्यक्तियों को लोग चोर चोर का मारपीट रहे हैं। पुलिस ने उक्त तीन आरोपियों को अपने कब्जे में लेते हुए इलाज के लिए बेनीपट्टी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद पकड़े गए तीनों लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया। प्रेस वार्ता के दौरान बेनीपट्टी सीडीपीओ अमित कुमार, पुलिस निरीक्षक सह बेनीपट्टी थानाध्यक्ष शिव शरण साह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
सभी निकले ज्वेलरी दुकान लूट गिरोह के सदस्य

चोरी के आरोप में पकड़े गए उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर जिला के निगोही थाना क्षेत्र के इशापुर निवासी छोटे लाल सिंह के पुत्र रूप सिंह, मिलकिया निवासी देशराज के पुत्र भोला तथा कप्तान के पुत्र गोकरन ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे लोग ज्वेलरी दुकान ल गिरोह चलाते हैं।

जिसमें उसके साथ कई अन्य सहयोगी भी शामिल हैं। वे लोग उत्तर प्रदेश एवं बिहार के अलग-अलग हिस्सों में घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरोह के सदस्य दिन में घूम कर घर एवं दुकान का रेकी करते हैं। फिर मौका पाकर रात में चोरी करते हैं। वे लोग अपने साथ लोहे के हथियारों के साथ देसी कट्टा रखते हैं।
इनकी हुई बरामदगी

पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि उनके पास एक देसी कट्टा भी था जिसे भगाने के क्रम में कमर से निकाल कर रास्ते में छुपा दिया गया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर बसैठा में एक गुमटी के पीछे रखे प्लास्टिक के थैला में जैकेट के पॉकेट से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, दो लोहे की बड़ी छेनी, दो लोहे का बड़ा पेचकस एवं लोहे का बना एल आकार का रॉड बरामद किया गया।
गिरोह के अन्य पांच लोग फरार

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर पुलिस से पूछताछ की गई तो ज्ञात हुआ कि उनके विरुद्ध वहां तीन दर्जन से अधिक लूट एवं अन्य मामले दर्ज हैं।

यह सभी लूट का एक बड़ा रैकेट चलाते हैं। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि उनके साथ 5 और लोग भी मधुबनी आए थे, जो बेनीपट्टी बसैठा में हुई घटना के बाद फरार हो गए हैं।

भागने वालों में उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर निवासी किशुन के पुत्र राजू कुमार, कैलाश के पुत्र श्रवण कुमार, बेनी सिंह के पुत्र बुद्ध सिंह, कमलेश के पुत्र मुरारी बड़ी तथा कप्तान के पुत्र एवज शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया की फरार चल रहे गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: मधुबनी में बच्चा चोर समझकर पीटे गए बदमाश निकले अंतर्राज्यीय ज्वेलरी लूट गिरोह के सदस्य