लखनऊ से मेरठ जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव, कोच का शीशा टूटा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/vande-bharat-news-(4)-1763827196428-1771512705064_m.webpलखनऊ से मेरठ जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव
जागरण संवाददाता, हरदोई। लखनऊ से मेरठ जा रही 22489 वंदेभारत एक्सप्रेस पर हरदोई से करीब पांच किलोमीटर आगे अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। अति महत्वपूर्ण और प्रीमियम श्रेणी की इस ट्रेन के एक कोच का शीशा पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
ट्रेन बिना रुके गंतव्य को चली गई। सिविल पुलिस, जीआरपी पहुंची। आरपीएफ की ओर से मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। देखा जाए तो इससे पहले रेलवे ट्रैक पर लोहे का बोल्ट और लकड़ी का बड़ा टुकड़ा रखे जाने की घटना भी हो चुकी है।
वंदेभारत एक्सप्रेस निर्धारित समय पर हरदोई स्टेशन से रवाना हुई थी। मेरठ की तरफ जा रही ट्रेन करीब 3.20 बजे कोतवाली देहात के कौढ़ा गांव के पास स्थित बलोखर फाटक के पास पहुंची ही थी, कि, तभी अचानक एक कोच की खिड़की पर जोरदार पत्थर आकर लगा। तेज आवाज के साथ शीशा चटक गया।
अंदर बैठे यात्रियों में खलबली मच गई। ट्रेन स्टाफ ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली देहात थाना प्रभारी हरिनाथ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कौढ़ा गांव के पास कुछ बच्चे रेलवे ट्रैक किनारे क्रिकेट खेल रहे थे। आशंका है कि गेंद ट्रेन से टकराई हो या शरारतन पत्थर फेंका गया हो।
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वैसे देखा जाए तो रेलवे ट्रैक पर लोहे के बोल्ट और लकड़ी का गट्ठर रखकर ट्रेनों की सुरक्षा से खिलवाड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। उनमें पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में फिर तेंदुआ का खौफ, झूंसी के छतनाग में ग्रामीणों को दिखा; पगचिह्न के आधार पर वन विभाग ने बताया जंगली बिल्ली
Pages:
[1]