फरीदाबाद में बिट्टू बजरंगी से शादी के नाम पर 30 हजार की ठगी, अलीगढ़ से बैरंग लौटी बारात
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Faridabad-Khabar-(17)-1771513356331_m.webpगोरक्षा बजरंग फोर्स के अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। गोरक्षा बजरंग फोर्स के अध्यक्ष राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी से शादी कराने के नाम पर 30 हजार की ठगी कर ली गई। उसकी शिकायत पर सारन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिट्टू बजरंगी साल 2023 में नूंह में हुए सांप्रदायिक दंगों में भी आरोपित है।
बिट्टू बजरंगी ने पुलिस को बताया है कि पड़ोसी का रिश्तेदार बंटी अक्सर उसके पास आता-जाता रहता है। बिट्टू ने उसके सामने शादी की इच्छा जाहिर की थी और कहा कि कोई योग्य लड़की हो तो रिश्ते की बात चलाना। बंटी ने बिट्टू को रानी नाम की एक महिला से मिलवाया। इसके बाद दोनों ने तीन बार बिट्टू को अलीगढ़ बुलाया। वहां लड़कियां दिखाईं, लेकिन उसे कोई पसंद नहीं आई।
कपड़े खरीदने के नाम पर ट्रांसफर कराए रुपये
इसके बाद बंटी ने बिट्टू को एक युवती की फोटो भेजी जो उसे पसंद आ गई। पांच सितंबर 2025 को बंटी और रानी युवती और उसके परिवार वालों को लेकर बिट्टू के घर आ गए। सारी बातें पक्की होने के बाद सात फरवरी को शादी तारीख तय हुई। बिट्टू को बरात लेकर अलीगढ़ बुलाया गया। इससे पहले छह फरवरी को आरोपितों ने युवती के कपड़े खरीदने की बात कहकर बिट्टू से 30 हजार रुपये अपने पास ट्रांसफर करा लिए।
तय समय पर बिट्टू बजरंगी बरात के साथ अलीगढ़ पहुंच गया। वहां तय स्थान पर आरोपित नहीं पहुंचे। उनके मोबाइल भी बंद जा रहे थे। बिट्टू ने युवती का नंबर मिलाया। उसने साफ कहा कि उसे शादी के बारे में कुछ नहीं पता।
बिट्टू को बरात लेकर बैरंग वापस लौटना पड़ा। वापस आकर उसने पुलिस को शिकायत दी। इस मामले में एक ऑडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें आरोपितों द्वारा 1.20 लाख रुपये में शादी कराने की बात कही जा रही है।
Pages:
[1]